दिल्ली को मिली 300 नई ई-बसें, ट्रांस यमुना क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन को मिला बड़ा विस्तार

Amit
3 Min Read

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली की सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को ईस्ट विनोद नगर बस डिपो से 300 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाई। ये बसें विशेष रूप से पूर्वी दिल्ली और सीमावर्ती क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी देने के लिए चलाई जाएंगी।

आईआईटी दिल्ली के सहयोग से इन ई-बसों के रूट तय किए गए हैं ताकि अधिकतम आबादी को कवर किया जा सके और सार्वजनिक परिवहन को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

‘ग्रीन दिल्ली’ की ओर एक ठोस कदम

इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, “हमारा उद्देश्य साफ, सस्ती और सुलभ सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था देना है। ये बसें ‘ग्रीन दिल्ली-क्लीन दिल्ली’ मिशन को गति देंगी और प्रदूषण में बड़ी कमी लाएंगी।”

उन्होंने बताया कि यह सौगात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा पखवाड़े के तहत दी गई है। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि अगले डेढ़ साल में दिल्ली की सभी सार्वजनिक बसें इलेक्ट्रिक हो जाएंगी।

उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा, “बीते वर्षों की लापरवाही और भ्रष्टाचार के कारण व्यवस्था चरमराई थी। लेकिन हम दिल्ली को एक विकसित और पर्यावरण-अनुकूल राजधानी बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

पहली बार ट्रांस-यमुना क्षेत्र में सुव्यवस्थित रूट योजना

कार्यक्रम में मौजूद परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि यमुनापार के निवासियों के लिए यह एक ऐतिहासिक क्षण है। “पहली बार इस क्षेत्र के लिए वैज्ञानिक तरीके से रूट रेशनलाइजेशन हुआ है। 21 नए रूट तैयार किए गए हैं और ये बसें अब 625 बस स्टॉप से होकर गुजरेंगी,” उन्होंने कहा।

डॉ. सिंह ने यह भी बताया कि इस योजना के तहत यात्रियों की संख्या और आवागमन की आवश्यकता के आधार पर रूटों का निर्धारण किया गया है, जिससे न सिर्फ जनता को राहत मिलेगी बल्कि डीटीसी को आर्थिक नुकसान भी नहीं उठाना पड़ेगा।

राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी देखने को मिले

इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने दिल्ली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार के तहत राजधानी के सभी इलाकों में तेज़ी से विकास हो रहा है, जबकि आम आदमी पार्टी और उनके विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में बुनियादी कार्यों के लिए भी कोई गंभीर प्रयास नहीं कर पाए हैं।

उन्होंने कहा कि, “जहां भाजपा की सरकारें विकास के लिए समर्पित हैं, वहीं आप सरकार ने जनता को केवल वादों तक सीमित रखा है।”

कार्यक्रम में शामिल अन्य गणमान्य

इस अवसर पर विधायक रविन्द्र नेगी, रविकांत और दिल्ली परिवहन निगम के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला और इसे पूर्वी दिल्ली की कनेक्टिविटी में एक बड़ा सुधार माना जा रहा है।

Share This Article
Leave a Comment