लोनी में मामूली लेन-देन को लेकर युवक से मारपीट, किसान यूनियन ने चौकी का किया घेराव

Amit
2 Min Read

 गाजियाबाद। सरस्वती विहार कॉलोनी निवासी एक युवक से मामूली पैसे के विवाद को लेकर दो परिचितों ने मारपीट कर दी। घटना शनिवार रात की है, जब 60 रुपये के लेन-देन को लेकर कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया।

पीड़ित के परिजनों ने इस संबंध में बॉर्डर थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी में शिकायत दी, लेकिन जब समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो मामला तूल पकड़ गया। इसके विरोध में रविवार को भारतीय किसान यूनियन (अनाज) के अध्यक्ष सचिन शर्मा समर्थकों संग चौकी पहुंच गए और पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया।

क्या है पूरा मामला

पीड़ित विनीत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार रात करीब 8 बजे वे सौ फुटा रोड स्थित बिजली उपकेंद्र के पास थे, तभी उबेद और विजय नामक युवकों ने उन्हें रोक लिया। दोनों ने पहले गाली-गलौज की और फिर मारपीट पर उतर आए।

विनीत का कहना है कि उन्होंने पहले ही उन दोनों से उधार लिए गए 60 रुपये चुका दिए थे, इसके बावजूद उन्हें सार्वजनिक स्थान पर अपमानित और पीटा गया। पीड़ित के शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे, तब जाकर हमलावर उन्हें जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले।

पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप, फिर मामला दर्ज

घटना के बाद जब पुलिस द्वारा कार्रवाई में देरी हुई तो किसान यूनियन के पदाधिकारी व समर्थक पीड़ित परिवार के साथ मिलकर पुलिस चौकी पहुंचे और विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक नामजद आरोपियों पर मामला दर्ज नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

विवाद बढ़ने के बाद 28 सितंबर की शाम को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उबेद, विजय समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

पुलिस का पक्ष

इस मामले में एसीपी अंकुर विहार, ज्ञान प्रकाश राय ने बयान जारी करते हुए कहा, “घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है। सभी तथ्यों को ध्यान में रखकर उचित कार्रवाई की जाएगी।”

Share This Article
Leave a Comment