
ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे के निर्माण और संचालन के बाद से ही, लगभग विगत 14 वर्षों से जेवर क्षेत्र के स्थानीय निवासी एक्सप्रेसवे पर टोल शुल्क से राहत की मांग करते आ रहे थे।
इस मांग को लेकर समय-समय पर क्षेत्र के अनेक किसान भाइयों, सामाजिक प्रतिनिधियों और विभिन्न किसान संगठनों द्वारा भी लगातार प्रयास किए गए। स्थानीय नागरिकों की इस लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए अब जनहित में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है।
जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह का कहना है कि यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण और यमुना एक्सप्रेसवे का संचालन करने वाली सुरक्षा समूह की कंपनी के अधिकारियों के साथ कई दौर की वार्ता की गई।
टोल शुल्क से मिलेगी मुक्ति
क्षेत्रवासियों की दैनिक आवागमन संबंधी समस्याओं, किसानों के योगदान औ स्थानीय हितों को प्रमुखता से रखे जाने के बाद यह निर्णय हुआ है कि जेवर स्थित यमुना एक्सप्रेसवे से प्रभावित एवं आसपास के पात्र ग्रामों के स्थानीय नागरिकों को जेवर टोल प्लाजा पर टोल शुल्क से मुक्ति की सुविधा प्रदान की जाएगी।
वाहन का कराना होगा पंजीकरण
इस सुविधा का लाभ प्राप्त करने के लिए पात्र स्थानीय नागरिकों को अपने स्थानीय निवासी होने का प्रमाण, आधार कार्ड और वाहन की आरसी (RC) की प्रति लेकर 17 सितंबर तक जेवर टोल प्लाजा के मैनेजर/निर्धारित कार्यालय में अपने वाहन का पंजीकरण कराना होगा।
बताया कि आवश्यक सत्यापन एवं पंजीकरण पूर्ण होने के पश्चात निर्धारित व्यवस्था के अनुसार स्थानीय नागरिकों को टोल शुल्क मुक्त आवागमन की सुविधा प्राप्त हो सकेगी।
