पश्चिमी दिल्ली। लिव-इन-रिलेशन में रह रही महिला के पार्टनर निहाल खान को दो युवकों ने इसलिए गोली मार दी क्योंकि वह महिला को मुंहबोली बहन मानता था और इस बात नाराज था। पश्चिम विहार वेस्ट थाना पुलिस ने दोनों आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपितों में सागर और पीयूष शामिल हैं। दोनों ने निहाल खान को गोली मारी थी। दोनों क्षेत्र में एक निजी कंपनी में काम करते हैं और पश्चिम पुरी में रहते हैं।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 4:28 बजे मियांवाली नगर में मकान संख्या ए-7/14 के सामने एक युवक को गोली मारने की पीसीआर काल मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो गली में खून पड़ा था और पास से कारतूस का एक खोल भी बरामद हुआ।
निहाल खान पर अज्ञात ने गोली चलाई
जांच में पता चला कि एकता एन्क्लेव, पीरागढ़ी मेट्रो स्टेशन के पास रहने वाले निहाल खान पर अज्ञात ने गोली चलाई थी, जो उसके कान को छूती हुई निकल गई थी। उसे तत्काल संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत चिंताजनक बताई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि निहाल खान का एक तलाकशुदा महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप था। आरोपित सागर और पीयूष महिला को अपनी मुंहबोली बहन मानते हैं। दोनों निहाल के महिला से संबंध को लेकर नाराज थे और उसे कई बार महिला से मिलने-जुलने से मना कर चुके थे।
निहाल ने उनकी चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया
निहाल ने उनकी चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया। इसके बाद मंगलवार को दोनों मोटरसाइकिल से मियांवाली नगर पहुंचे। उन्होंने निहाल पर गोली चला दी। गोली उसके दाहिने कान के पीछे लगी। वारदात के बाद दोनों मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास गलियों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपितों की पहचान की। इसके बाद उनके ठिकानों पर छापेमारी कर सागर और पीयूष को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अब आरोपितों से पूछताछ कर वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, हथियार और अन्य सामान के बारे में जानकारी जुटा रही है। जांच कर रही है कि हथियार उन्हें किसने उपलब्ध कराई थी।
