दादरी। दादरी तहसील क्षेत्र में एनएच-34 से सटी सात कॉलोनियों में करीब 30 हजार लोग पिछले पांच साल से नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। निवासी वर्षा सीजन तो दूर अन्य दिनों में भी जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं। हल्की सी वर्षा होते ही समस्या और भी ज्यादा गहरा जाती है।
इन कॉलोनियों में पंचकूला प्रथम, द्वितीय, तृतीय, महेश एंक्लेव, सत्यम एंक्लेव, व करण एंक्लेव, करण एन्क्लेव, शंकर विहार चरनी विहार आदि कालेानियां शामिल हैं। कालोनी के लोगों ने जिला प्रशासन व जनप्रतिनिधियों से व्यवस्था दुरुस्त करने की गुहार लगाई है। लोगों का आरोप है कि कालोनी के समीप गुहर रहे नाले पर अवैध अतिक्रमण कर रखा है। उसकी सफाई भी नहीं होती।
जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण कालोनी के आसपास मच्छरों का प्रकोप है। प्रशासन से कई बार नाले से अतिक्रमण हटाए जाने की मांग की जा चुकी है, लेकिन इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया। – कुलदीप भाटी
बच्चे स्कूल को जाते वक्त कई बार कीचड़ में गिर जाते हैं। वर्षा के दिनों में तो समस्या और भी ज्यादा विकराल हो जाती है। – परमानंद कौशिक
व्यवस्था दुरुस्त कराने की दिशा में कदम उठाया जाना चाहिए। समस्या के निराकरण के लिए समाधान दिवस में भी कई बार गुहार लगाई जा चुकी है। – सूरज
कॉलोनी दशकों साल पुरानी है। जनप्रतिनिधि वोट तो लेने आ जाते हैं, लेकिन जब सुविधाओं की बात आती है तो आश्वासन की घुट्टी पिला दी जाती है। – हरि कुमार सिंघल, समाजसेवी
