पाकिस्‍तान में प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का कार्यक्रम नहीं प्रसारित करने पर पीटीवी के 17 कर्मी निलंबित

Rohit Kumar
3 Min Read

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की लाहौर यात्रा का खराब करवेज करना सरकारी टीवी चैनल के अधिकारियों को भारी पड़ गया। पाकिस्तानी सरकार ने यात्रा को अच्छी तरह कवर करने में नाकाम रहने पर 17 अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया है। शहबाज शरीफ ने पिछले हफ्ते ही लाहौर में कोर्ट लखपत जेल और रमजान बाजार का दौरा किया था। इसी यात्रा के बाद वे भारी भरकम प्रतिनिधिमंडल के साथ सऊदी अरब की यात्रा पर रवाना हुए थे। बताया जा रहा है कि इस दौरान पाकिस्तान की सरकारी टीवी चैनल के अधिकारियों को अच्छी क्वालिटी का लैपटॉप नहीं मिल सका। इस कारण उनके वीडियो को अपलोड करने में देरी हुई।

पीटीवी के पास नहीं था हाईटेक लैपटॉप
डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान टेलीविजन (पीटीवी) की टीम फाइल ट्रांसफर प्रोटोकॉल (एफटीपी) के जरिये वीडियो फुटेज अपलोड नहीं कर सकी थी। पीटीवी के अधिकारियों ने दावा किया कि एफटीपी के जरिए भारी-भरकम वीडियो फुटेज ट्रांसफर करने के लिए उनके पास उन्नत किस्म के लैपटॉप उपलब्ध नहीं थे। इस कारण पीटीवी को पीएम शहबाज शरीफ का वीडियो टेलीकॉस्ट करने में देर हो गई।

पीएम के दौरे के लिए पीटीवी के पास स्पेशल टीम
खबर में कहा गया है कि स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसिजर के अनुसार, पत्रकारों और निर्माताओं की एक वीवीआईपी टीम प्रधानमंत्री के कवरेज के लिए जिम्मेदार होती है। यह टीम लैपटॉप समेत सभी तरह के अत्याधुनिक उपकरणों से लैस होती है, जो लाइव स्ट्रीमिंग और किसी भी घटना के फुटेज को समय पर अपलोड करती है। यह कोर टीम इस्लामाबाद में तैनात है और देश और विदेश में प्रधानमंत्री के साथ जाती है।

एन मौके पर खत्म हो गई थी लैपटॉप की बैटरी
जब पीटीवी के लाहौर केंद्र को यात्रा के बारे में सूचित किया गया, तो उसने पीटीवी मुख्यालय को एक उन्नत लैपटॉप प्रदान करने के लिए कहा। इससे पहले 18 अप्रैल को भी यह अनुरोध किया गया था, लेकिन पीटीवी ने इसपर ध्यान नहीं दिया। ऐसे में लाहौर केंद्र ने एक अधिकारी के निजी लैपटॉप की व्यवस्था की। कवरेज के बाद, जब टीम ने फुटेज प्रसारित करने की कोशिश की, तो पाया कि लैपटॉप की बैटरी खत्म हो गई। अगले दिन, पीटीवी प्रशासन ने वीवीआईपी कवरेज के डिप्टी कंट्रोलर इमरान बशीर खान सहित कुल 17 अधिकारियों को निलंबित कर दिया।

Share This Article
Leave a Comment