रेसलर्स का इंडिया गेट तक पैदल मार्च, बृजभूषण के ‘तीन पति-तीन पत्नी’ बयान पर बजरंग पूनिया का पलटवार

Rohit Kumar
3 Min Read

महिला पहलवानों के कथित यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने मंगलवार को एक विवादास्पद बयान में महिला पहलवानों के विरोध प्रदर्शन पर रामायण का संदर्भ देते हुए कहा कि ‘विनेश फोगाट उनके लिये मंथरा बनकर आ गई हैं।’

आगामी पांच जून को अयोध्या में आयोजित जनचेतना महारैली में भीड़ जुटाने के उद्देश्य से जिले में जनसम्पर्क के दौरान मंगलवार को उन्होंने एक नुक्कड़ सभा को सम्बोधित करते हुए कहा,” महिला पहलवान विनेश फोगाट आज वही काम कर रही हैं जो त्रेता युग में मंथरा ने किया था।”

कैसरगंज से भाजपा सांसद बृजभूषण ने कहा ,‘‘ इससे पहले जंतर मंतर पर हजारों पहलवान धरना दे रहे थे और अब केवल तीन जोड़े (पति-पत्नी) बचे हैं। सातवां कोई नहीं है। जिस दिन परिणाम आएगा, हम मंथरा को भी धन्यवाद देंगे।” रामायण के अनुसार मंथरा के उकसावे पर ही कैकेयी ने दशरथ से राम को चौदह वर्ष के वनवास पर भेजने की जिद की थी।

बृजभूषण ने साथ ही यह आरोप भी लगाया कि जो पहलवान प्रदर्शन कर रहे हैं, वे आज तक नहीं बता पाए कि उनके साथ कब, कहां और क्या-क्या हुआ? कैसे-कैसे हुआ? उन्होंने अपने खिलाफ इस प्रकरण की तुलना अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मामले से की । उन्होंने जनसभा में कहा, ‘आप सौभाग्यशाली हैं कि एक ऐसा मामला आया है, जिसमें फंसकर कभी डोनाल्ड ट्रंप को भी परेशान होना पड़ा था। मैं कह रहा हूं कि यह षड्यंत्र आज का नहीं है। यह बहुत दिनों का है, लेकिन इसके माध्यम से कुछ अच्छा होना है।”

भाजपा सांसद ने कहा ,‘‘ यह आरोप नहीं, छुआछूत का मामला है। गुड टच-बैड टच का मामला है। मुझ पर झूठे आरोप लगाए गए हैं, लेकिन यह आरोप मुझ पर नहीं आया है। बल्कि भगवान ने मुझे इस आरोप से लड़ने के लिए माध्यम बनाया है ।” इससे पहले 21 मई को बृजभूषण ने कहा था कि वह ‘नार्को टेस्ट’ कराने के लिए तैयार हैं, बशर्ते विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया की भी यही जांच की जाए।

Share This Article
Leave a Comment