नोएडा की सोसाइटी में अनोखी चोरी, सलवार-सूट पहनकर घुसा संदिग्ध; 13 मिनट में 2 लाख पार

News Desk
4 Min Read

नोएडा: उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के थाना नॉलेजपार्क क्षेत्र स्थित महागुन मीडोज सोसाइटी में चोरी की एक वारदात सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। सोसाइटी के एक फ्लैट से करीब 2 लाख रुपये नकद चोरी किए गए। खास बात यह है कि चोरी करने वाला संदिग्ध सलवार-सूट और लाल दुपट्टे से चेहरा ढककर फ्लैट में दाखिल हुआ और महज करीब 13 मिनट बाद नकदी लेकर बाहर निकल गया। पूरी वारदात सोसाइटी में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुई है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और CCTV फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की मदद से संदिग्ध की पहचान करने में जुटी है।

करीब 13 मिनट में वारदात को दिया अंजाम

जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम करीब 7:40 बजे एक संदिग्ध सलवार-सूट पहनकर फ्लैट में दाखिल हुआ। उसने काले रंग का सलवार-सूट पहन रखा था और लाल दुपट्टे से चेहरा ढका हुआ था।

CCTV फुटेज के अनुसार, संदिग्ध करीब 7:53 बजे फ्लैट से बाहर निकल गया। इस दौरान उसने लॉकर तोड़कर उसमें रखी करीब दो लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली। फ्लैट की किचन में एक शीशा भी टूटा हुआ मिला है।

परिवार के बाहर जाने के दौरान हुई चोरी

फ्लैट मालिक अभिषेक शर्मा ने बताया कि वह अपनी पत्नी सेजल गोयल के साथ सोसाइटी के टावर-बी में रहते हैं। शनिवार शाम दोनों अपनी बहन के घर गए हुए थे। इसी दौरान घर में चोरी की घटना हुई।

अभिषेक के मुताबिक, देर रात करीब 12 बजे जब वह पत्नी के साथ वापस लौटे तो घर में लॉकर टूटा मिला। जांच करने पर उसमें रखी करीब दो लाख रुपये की नकदी गायब मिली। इसके बाद उन्होंने CCTV फुटेज खंगाली, जिसमें संदिग्ध व्यक्ति फ्लैट में प्रवेश करता और कुछ देर बाद बाहर निकलता दिखाई दिया।

अभिषेक ने अपनी घरेलू सहायिका और इलेक्ट्रीशियन पर चोरी में शामिल होने का शक जताया है। हालांकि, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना के संबंध में फ्लैट मालिक की ओर से थाना नॉलेजपार्क में शिकायत दी गई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना नॉलेजपार्क प्रभारी विनोद कुमार के मुताबिक, CCTV फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की मदद से संदिग्ध की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सोसाइटी में उठे सवाल

चोरी की घटना के बाद महागुन मीडोज सोसाइटी के निवासियों के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सोसाइटी में सुरक्षा कर्मियों की हड़ताल और सुरक्षा सेवाओं के प्रभावित होने की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं।

निवासियों ने सवाल उठाया है कि घटना के समय प्रवेश और निकास गेट पर सुरक्षा व्यवस्था कैसी थी, CCTV की निगरानी कितनी प्रभावी थी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए क्या इंतजाम थे।

लोगों की मांग है कि सोसाइटी प्रबंधन पूरे सुरक्षा तंत्र का ऑडिट कराए और जहां भी कमी सामने आए, उसे तत्काल दूर किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Share This Article
Leave a Comment