नोएडा: सेक्टर-76 स्थित अंतरिक्ष गोल्फ व्यू 2 सोसायटी में प्लास्टर गिरने की समस्या तीन महीने बाद भी दूर नहीं हो सकी। नोएडा अथॉरिटी के आदेश के बावजूद बिल्डर ने मरम्मत नहीं कराई। इससे यहां के निवासियों में हादसे की आशंका बनी हुई है। इस समस्या को लेकर निवासी तीन महीने पहले हेलमेट पहनकर बिल्डर के खिलाफ प्रदर्शन भी कर चुके हैं। इस साल 26 जुलाई को सोसायटी में कई जगह प्लास्टर गिरा था। निवासियों ने इसकी शिकायत बिल्डर से की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने हेलमेट पहनकर प्राधिकरण और बिल्डर के खिलाफ प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन की सूचना पर प्राधिकरण के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जल्द समस्या दूर कराने का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने बिल्डर को प्लास्टर की मरम्मत कराने का आदेश दिया। निवासियों का आरोप है कि तीन महीने बीतने के बाद भी स्थिति जस की तस है। प्लास्टर गिरने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
जानिए बिल्डर ने क्या कहा
बिल्डर रमेश अरोड़ का कहना है कि प्लास्टर गिरने से जुड़ा नोटिस मिलने की जानकारी नहीं है। अगर नोटिस मिला है तो जरूर काम कराएंगे। वैसे सोसायटी में प्लास्टर नहीं गिर रहा। सोसायटी के निवासी कुश सप्रू का कहना है कि तीन माह से प्लास्टर गिरने की समस्या है। प्राधिकरण के आदेश के बावजूद बिल्डर ने अब तक स्थायी समाधान नहीं किया। निवासियो मे डर का माहौल है।
निवासियों ने हेल्मेट पहनकर किया था प्रदर्शन
वहीं, दूसरे निवासी विक्की गुप्ता ने कहा कि प्लास्टर गिरने के मामले में निवासियो ने तीन महीने पहले हेलमेट पहनकर प्रदर्शन किया था। इसके बावजूद समस्या दूर नही हुई। इसके साथ ही निवासी बृजेश का कहना है कि प्लास्टर गिरने के डर से घर से निकलते समय ऊपर देखकर चलना पड़ता है। यह स्थिति बेहद चिंताजनक है, कभी भी हादसा हो सकता है।
