नोएडा। सेक्टर-76 स्थित आदित्य सेलिब्रिटी होम्स सोसायटी में निश्शुल्क सैनिटरी पैड की सुविधा महिला कामगार और घरेलू सहायिकाओं को तीन वर्ष से दी जा रही है। एओए (अपार्टमेंट ऑनर्स एसोसिएशन) और साकार तथस्तु फाउंडेशन के सहयोग से शुरू हुई पहल काफी प्रभावी हो गई है।
सोसायटी में लगाया गया है डिस्पेंसर
रविवार को कामगार और घरेलू सहायिकाओं के साथ जागरूकता कार्यशाला का आयोजन भी हुआ। सोसायटी में कार्पोरेट की तरह सैनिटरी पैड डिस्पेंसर स्थापित किया गया है। यह टोकन सिस्टम से चलता है। सुरक्षा अधिकारी को टोकन सौंपे जाते हैं।
रजिस्टर में दर्ज कर जरूरतमंद महिला कर्मियों को यहां से सैनिटरी पैड वितरित करते हैं। महिला को प्रति माह अधिकतम तीन टोकन मिलते हैं। साकार तथास्तु फाउंडेशन की अध्यक्ष तनुश्री बोस ने बताया कि हमारा उद्देश्य सरल था।
आवासीय समुदाय में सैनिटरी उत्पादों को सुगम, गरिमापूर्ण और व्यवस्थित तरीके से उपलब्ध कराना। एओए अध्यक्ष पुनीत शर्मा ने बताया कि हम अपनी महिला कर्मियों की असली जरूरतों को स्वीकार कर रहे हैं।

