लोनी में तंत्र-मंत्र का झांसा देकर जेवर ठगने वाले तीन ठग गिरफ्तार

News Desk
2 Min Read

लोनी। बार्डर थाना पुलिस ने बृहस्पतिवार को नहर मार्ग से महिला को उलझाकर बातों में फंसाकर जेवरात ठगने वाले तीन ठगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार आरोपित सोडियम जलाकर महिलाओं को तंत्र-मंत्र की बातों में उलझाते थे। इनके कब्जे से 3,080 रुपये बरामद हुए है।पुलिस इनके फरार साथियों की तलाश कर रही है।

एसीपी अंकुर विहार अमरदीप मौर्य ने बताया कि पुलिस टीम बृहस्पतिवार को बेहटा हाजीपुर नहर मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि चार जुलाई प्रेम विहार निवासी महिला से जेवरात ठगने वाले आरोपित अंडरपास के पास खड़े हैं।

तीनों आरोपितों को किया गिरफ्तार

टीम ने तीनों आराेपितों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में ठगों ने अपने नाम वाजिद, इमरान निवासी भलस्वा डेरी दिल्ली और दिलशेर निवासी विजयनगर गाजियाबाद बताए।

पुलिस पूछताछ में आरोपित ठगों ने बताया कि चार जुलाई को साथियों के साथ दिल्ली-सहारनपुर रोड पर जौहरी एन्क्लेव मेट्रो स्टेशन के पास खड़े थे। इस दौरान अफजल और दिलशेर ने महिला को बातों में उलझा लिया।

दोनों ने रोड पर पड़े पेपर में सोडियम जलाकर महिला को उलझाया और अंगूठी और कुंडल ले लिए। गहने राह चलते लोगों को बेचकर मिली रकम आपस में बांट लेते थे।

पुलिस को इनके कब्जे से 3,080 रुपये बरामद हुए है। पुलिस आरोपितों के फरार साथियों गुल हसन व अफजल निवासी भलस्वा डेरी दिल्ली की तलाश में जुटी है।

Share This Article
Leave a Comment