डीएनडी फ्लाईओवर से यमुना में कूदे कारोबारी का शव मिला, पारिवारिक तनाव की आशंका

News Desk
2 Min Read

दक्षिणी दिल्ली। पारिवारिक तनाव के चलते रविवार देर रात डीएनडी फ्लाईओवर से यमुना नदी में छलांग लगाने वाले 30 वर्षीय कारोबारी अंकित शर्मा उर्फ आशु का शव दूसरे दिन ढाई किलोमीटर आगे मिला। एनडीआरएफ की टीम शव को किनारे ले आयी और जामिया नगर थाने की पुलिस को सौंप दिया।

पोस्टमॉर्टम के बाद शव मंगलवार को स्वजन को दे दिया गया। अंकित परिवार के साथ पूर्वी दिल्ली के 7 डीडीए फ्लैट चित्रा विहार (गुजरात विहार के सामने) में रहते थे और वाहनों की खरीद-बिक्री का काम करते थे।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में सामने आया है कि अंकित का अपनी पत्नी से लंबे समय से विवाद चल रहा था। इस संबंध में अदालत में भी मामला लंबित है। आशंका है कि पारिवारिक तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

बता दें कि रविवार रात 1.35 बजे अंकित डीएनडी फ्लाईओवर पर पहुंचे और एक जगह पर स्कूटी रोक का खड़े हो गए। इस दौरान अपनी बहन को मोबाइल फोन से मैसेज व अपनी लोकेशन भेजी और फिर यमुना में कूद गए। यह सारी वारदात डीएनडी फ्लाईओवर पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।

उधर, मैसेज और लोकेशन देखने के बाद स्वजन मौके पर पहुंचे और उसकी तलाश शुरू की। उन्होंने करीब 2:26 बजे पुलिस सूचना दी। जामिया नगर थाना पुलिस और राहत-बचाव एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। तलाशी के दौरान फ्लाईओवर से युवक की स्कूटी, दो मोबाइल फोन, चप्पल और अन्य सामान बरामद हुए।

इसके बाद यमुना में व्यापक स्तर पर सर्च अभियान शुरू किया गया। सोमवार रात घटनास्थल से बहाव की दिशा में लगभग ढाई किलोमीटर आगे अंकित का शव एनडीआरएफ की टीम ने खोज निकाला। पुलिस सभी बिंदुओं की गहनता से जांच कर रही है।

Share This Article
Leave a Comment