लोनी। ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र की पूजा कालोनी स्थित बंद मकान में मिले महिला के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार महिला की मौत गला घुटने से हुई थी।
उधर, मृतका के बेटे ने अपनी मां के पवन के साथ लिव-इन में रहने की बात कही है। मृतका के बेटे ने पवन के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है।
पूजा कालोनी में सोमवार को प्रमिला उर्फ सुशीला का शव बंद मकान में सड़ी हालत में बरामद हुआ था। बदबू आने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया था। मृतका के गले में रस्सी का फंदा बंधा हुआ था। महिला की सात वर्षीय बेटी विद्या लापता थी।
पुलिस ने विद्या को उसकी मौसी के घर से बरामद किया था। प्रमिला के बेटे कन्हाई कुमार गांव से आने के बाद मृतका का पोस्टमार्टम हो सका। एसीपी लोनी राम किशन ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घुटने से मौत की पुष्टि हुई है। पोस्टमार्टम के बाद मृतका का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
पवन मृतका के जीवन में तीसरा शख्स
मृतका प्रमिला के बेटे कन्हैया ने पुलिस को बताया कि वह चार भाई कन्हैया, संतोष, मुकेश, रोहित और एक बहन संजू देवी हैं। कई वर्ष पहले मां घर छोड़कर मुजफ्फरपुर निवासी विंदु तिवारी के साथ रहने लग गई थी। मां और विंदु तिवारी की सात साल की लड़की विद्या है।
कुछ समय बाद मां दोस्तपुर थाना साहेबगंज जिला मुजफ्फरपुर बिहार निवासी पवन के साथ रहने लगी थी। अब पवन मां और विद्या को बिहार से ट्रोनिका सिटी लेकर आया था। उसने बताया कि परिवार के सदस्यों ने मां को काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं मानी। पवन के कहने पर उसने अन्य सभी से संपर्क खत्म कर लिया था।
मौत की सूचना पर पहुंचे लोनी
कन्हैया ने बताया कि 27 जुलाई को रिश्तेदार प्रीति ने मां की हत्या की जानकारी दी। इसके बाद वह बिहार से लोनी पहुंचे। उन्होंने पवन के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसीपी लोनी ने बताया कि बेटे की शिकायत पर हत्यारोपित पवन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपित की तलाश की जा रही है।

