देवरिया: घर लौट रहे युवक को बदमाशों ने मारी गोली, हालत गंभीर

Amit
2 Min Read

जिला मुख्यालय से लौटते समय हुआ हमला, पुलिस कार्रवाई में अब तक प्रगति नहीं

देवरिया। जिले के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक युवक को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। घायल अवस्था में युवक सड़क पर गिर पड़ा और काफी देर तक मदद की गुहार लगाता रहा। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

घटना उस समय हुई जब मझरटिया गांव निवासी अजय मद्धेशिया (18), जो स्थानीय व्यापारी संतोष मद्धेशिया का पुत्र है, किसी काम से जिला मुख्यालय से लौट रहा था। जैसे ही वह बैकुंठपुर स्थित एंप्लॉयमेंट ऑफिस के पास पुलिया तक पहुंचा, एक बाइक पर सवार दो युवकों ने उसे ओवरटेक कर गोली चला दी।

हमले के बाद सड़क पर गिरा, ग्रामीणों ने दी मदद
हमले के बाद अजय बाइक समेत सड़क पर गिर गया। गोली की आवाज और गिरने की धमक से आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे। युवक ने खुद लोगों को अपने परिजनों को सूचना देने को कहा। कुछ ही देर में उसके पिता व अन्य परिवारजन वहां पहुंचे और उसे लेकर अस्पताल रवाना हुए।

प्रारंभिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसकी स्थिति गंभीर बताई और तत्काल गोरखपुर बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिवार के अनुसार, अजय को पेट के पास गोली लगी है और डॉक्टरों ने ऑपरेशन की तैयारी शुरू कर दी है।

हमलावर फरार, पुलिस अब भी तहरीर की राह देख रही
पुलिस ने मौके का मुआयना कर आसपास के लोगों से पूछताछ की है, लेकिन अब तक हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है। थानाध्यक्ष गोरखनाथ सरोज ने बताया कि अब तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस संभावित सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और जल्द कार्रवाई का दावा कर रही है।

Share This Article
Leave a Comment