ग्रेटर नोएडा में जलभराव से हालात बिगड़े, ग्रामीणों ने प्राधिकरण पर उठाए सवाल

News Desk
3 Min Read

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने गांवों को विकास का सब्जबाग दिखाकर नारकीय जीवन जीने को मजबूर कर दिया है। ग्रेटर नोएडा के ज्यादातर गांवों की हालत खस्ताहाल है।

न केवल गंदगी पसरी हुई है बल्कि ग्रामीण जलभराव की समस्या से भी जूझ रहे हैं। दो दिन पहले हुई वर्षा ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के इंतजामों की पोल खोल दी है।

गांव ही नहीं ग्रेटर नोएडा के सेक्टर भी जलभराव की समस्या से जुझ रहे हैं। ताजा मामला ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर एक है। सेक्टर एक स्थित कृष्णा एलीट होम्स सोसायटी के बाहर जलभराव हो गया है।

जलपुरा गांव को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग की स्थिति खस्ताहाल है। यहां पर टूटी सड़क के साथ जलभराव व कीचड़ की समस्या से लोग परेशान है। तुगलपुर गांव में भी निवासी जलभराव व कीचड़ की समस्या से जूझ रहे हैं।

तुगलपुर गांव के लोगों ने सोशल मीडिया पर भी शेयर किया है वीडियो

तुगलपुर गांव के ग्रामीणों ने इंटरनेट मीडिया पर जलभराव के बीच से लोगों के गुजरते हुए वीडियो प्रसारित कर नाराजगी जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि हर साल वर्षा शुरू होते ही लोगों के सामने आने जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

रास्ता पूरी तह कीचड़मय बना हुआ है। रास्ते में जमा कीचड़ की वजह से आसपास घरों में निवास करने वाले लोग नारकीय जीवन जी रहे हैं।

दुर्गंध और गंदगी के कारण संक्रामक रोक फैलने की प्रबल आशंका बनी हुई है। आरोप लगाया कि प्राधिकरण अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन उसके बाद भी इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया जाता है।

ग्रामीण पिछले पांच साल से जलभराव की समस्या का दंश झेल रहे हैं। पैदल तो दूर दुपहिया, व चार पहिया वाहन चालकों का चलना दूभर हो गया है। दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो जाते हैं। जलभराव व कीचड़ के बीच यह भी पता नहीं चलता कि गड्ढा कहां है।

आरोप लगाया कि पूर्व में कई बार तत्कालीन सीईओ को ज्ञापन सौंप चुके हैं, लेकिन अभी तक समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका है। एक बार फिर सेक्टर के साथ ग्रामीणों ने प्राधिकरण सीईओ एनजी रवि से गुहार लगाते हुए जलभराव की समस्या से निजात दिलाने की गुहार लगाई है।

Share This Article
Leave a Comment