रील के जुनून ने ली किशोर की जान, बंद पड़े मॉल में दर्दनाक हादसा

Amit
2 Min Read

नई दिल्ली- मॉडल टाउन क्षेत्र में स्थित एक लंबे समय से बंद पड़े मॉल में रील बनाने का शौक एक किशोर की जान पर भारी पड़ गया। दोस्तों के साथ वीडियो शूट करने के दौरान 11वीं कक्षा का छात्र ऊपरी मंजिल से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 16 वर्षीय कबिन कुमार के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किशोर अपने दोस्तों के साथ मॉल की चौथी मंजिल पर मौजूद एक फाइबर शीट पर चढ़कर रील बना रहा था। इसी दौरान शीट अचानक टूट गई और कबिन करीब 50 फीट नीचे मॉल की लॉबी में जा गिरा। हादसे के बाद उसके साथ मौजूद दोस्त वहां से चले गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल किशोर को नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया।

परिजनों ने इस हादसे को लेकर मृतक के दोस्तों पर संदेह जताते हुए आरोप लगाए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जाएगी।

कबिन कुमार अपने माता-पिता और बहन के साथ गुजरांवाला टाउन-II इलाके में रहते थे। वह अशोक विहार स्थित एक निजी स्कूल में 11वीं कक्षा का छात्र था। बताया गया है कि उसके पिता बर्तन निर्माण से जुड़ा व्यवसाय करते हैं। हादसे वाले दिन वह शाम के समय अपने तीन दोस्तों के साथ मॉल में घूमने गया था।

Share This Article
Leave a Comment