
ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा के पाई-1 स्थित ऐच्छर की पंजाब नैशनल बैंक (पीएनबी) शाखा में खातेदारों की रकम गबन करने के मामले में बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने बैंक कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। बीटा-2 थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि 20 खातेदारों की शिकायत के आधार केस दर्ज किया गया है। इन लोगों के करीब 17 करोड़ रुपये बैंक से निकले हैं। वहीं बैंक के बाहर धरना दे रहे लोगों का आरोप है कि यह घपला सौ करोड़ रुपये से अधिक का हो सकता है।
छह खातों में ट्रांसफर की गई रकम
मंगलवार को बीटा-2 थाने में पीड़ित श्रीचंद, अतेंद्र, चतर सिंह, विजयपाल, अमीचंद, बिजेंद्र आदि ने पुलिस से शिकायत की। आरोप है कि पीएनबी के कर्मचारियों ने मिली भगत कर उनके खाते से रकम निकाली है। यह रकम उनकी बिना अनुमति के दूसरे खातों में ट्रांसफर की गई है। सूत्रों के अनुसार बैंक कर्मचारियों की मिली भगत से यह रकम छह खतों में ट्रांसफर हुई है। जब तक इन 6 खातों को फ्रीज किया गया तब तक यह रकम अन्य खातों में ट्रांसफर हो चुकी थी। बैंक के एक अधिकारी ने बताया कि 8 लोगों को सस्पेंड कर दिया गया है। मुंबई और नोएडा की टीम जांच में जुटी है।
2025 से चल रहा गड़बड़ी का सिलसिला
खाताधारकों का दावा है कि गड़बड़ी का सिलसिला वर्ष 2025 से चल रहा था। इसमें सबसे अधिक फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) को निशाना बनाया गया। आरोप है कि एफडी तुड़वाकर रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर की गई। सूत्रों के अनुसार, ट्रांसफर की गई रकम का बड़ा हिस्सा गोवा और झारखंड के दो बैंकों में पहुंचा। यह भी आरोप है कि खाताधारकों को लेनदेन के मैसेज न मिलें, इसके लिए सिस्टम में मैसेज अलर्ट बंद कर दिए गए थे। वहीं, यह दावा भी किया जा रहा है कि संबंधित महिला कर्मचारी ने करीब 20 दिन पहले किसान कोटे में छह प्रतिशत वाले करोड़ों रुपये के प्लॉट की खरीद की। जांच में इस संपत्ति और बैंक खातों के लेनदेन से जुड़े तथ्यों की पड़ताल अहम मानी जा रही है।
महिला कर्मचारी, उसके भाई पर भी उठे सवाल
इस मामले में बैंक से जुड़ी महिला कर्मचारी ज्योति और उसके भाई की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि दोनों ने शिकायत लेकर पहुंचने वाले ग्राहकों को समझाकर शांत करने की कोशिश की। कुछ खाताधारकों ने कर्मचारियों से अच्छे संबंध और उधार के लेनदेन की बात कही है। कई ग्राहकों का दावा है कि उन्होंने पेटीएम के जरिए 80 हजार तक के लेनदेन का रिकॉर्ड भी दिखाया है।
खाते और लॉकर चेक करने पहुंच रहे लोग
बैंक के आसपास 50 से अधिक सोसायटियां, 10 से ज्यादा गांव और कई सेक्टर हैं। बड़ी संख्या में लोगों के खाते इस शाखा में है। मामले की जानकारी सामने आने के बाद सैकड़ों लोग अपने खाते और लॉकर की जांच कराने बैंक पहुंच रहे हैं। वहीं, मामले में कार्रवाई और पीड़ितों को रकम वापस दिलाने की मांग को लेकर किसान संगठन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बैंक परिसर में धरना शुरू कर दिया है।
