गाड़ी रोककर बदमाशों ने किया हमला, नकद और ज़मीन के पेपर्स लेकर फरार

Amit
2 Min Read

प्रॉपर्टी डीलर को हथियार दिखाकर रोका, नकदी और जमीन से जुड़े कागजात ले भागे बदमाश; पुलिस जांच में जुटी

जहानाबाद। जिले के घोसी थाना क्षेत्र में सोमवार को एक प्रॉपर्टी डीलर से दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गंधार मंदिर के पास हथियारबंद बदमाशों ने कार सवार कारोबारी को निशाना बनाते हुए करीब 11 लाख रुपये नकद और जमीन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज लूट लिए।

घटना उस समय हुई जब प्रॉपर्टी डीलर बंधुगंज की ओर जा रहे थे। रास्ते में घात लगाए बदमाशों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रोका और हथियार दिखाकर लूटपाट को अंजाम दिया। पीड़ित ने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक अपराधी मौके से फरार हो चुके थे।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार को शिकायत दी गई, जिसके आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस विभिन्न कोणों से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

गौरतलब है कि यह वारदात जिले के नए एसपी के कार्यभार संभालने के महज दो दिन बाद हुई है। ऐसे में आम लोगों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। इलाके के नागरिकों ने पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है।

Share This Article
Leave a Comment