नई दिल्ली- दिल्ली-एनसीआर में लगातार बिगड़ती हवा ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। प्रदूषण के गंभीर स्तर पर पहुंचने के बाद राजधानी में ग्रैप (GRAP) का सबसे कड़ा चौथा चरण लागू कर दिया गया है। हालात को देखते हुए दिल्ली सरकार ने प्रभावित श्रमिकों के लिए राहत पैकेज की घोषणा की है।
सरकार के फैसले के तहत पंजीकृत निर्माण एवं दिहाड़ी मजदूरों को ₹10,000 की आर्थिक सहायता दी जाएगी। यह रकम सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी, जिससे प्रदूषण के कारण ठप पड़े काम के बीच उन्हें कुछ सहारा मिल सके।
ग्रैप-4 लागू होने के साथ ही कई सख्त कदम उठाए गए हैं। सरकारी और निजी कार्यालयों में कर्मचारियों की संख्या घटाते हुए 50 प्रतिशत स्टाफ के लिए घर से काम करना अनिवार्य किया गया है, ताकि सड़कों पर आवाजाही कम हो और प्रदूषण पर नियंत्रण पाया जा सके।
दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि मौजूदा हालात में मजदूरों को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। सरकार उनकी परेशानी को समझते हुए यह वित्तीय मदद दे रही है, ताकि उनकी आजीविका पर तत्काल असर कम किया जा सके।
वहीं, एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम के मुताबिक बुधवार दोपहर दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स 326 दर्ज किया गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि हालात में सुधार नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में और सख्त कदम उठाने पड़ सकते हैं।
