हनुमानगढ़ होटल में संदिग्ध हालात में मिली युवक की लाश

Amit
2 Min Read

पुलिस ने कमरे को सील कर शुरू की गहन जांच

हनुमानगढ़। जंक्शन क्षेत्र स्थित एक होटल में मंगलवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पंखे से लटका मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि मृतक युवक रविवार रात एक युवती के साथ होटल में ठहरा था। घटना के वक्त युवती बाथरूम में थी, इसी दौरान युवक ने आत्महत्या कर ली। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई।

होटल कर्मचारियों और युवती के बयान के अनुसार, जब वह बाथरूम से बाहर आई, तो युवक को मृत अवस्था में पाया। घबराकर उसने तुरंत होटल स्टाफ को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे को सील कर दिया और फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए। होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि घटना की सही तस्वीर सामने आ सके।

पुलिस के प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन सभी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है। मृतक की पहचान श्रीगंगानगर के अनूपगढ़ निवासी के रूप में हुई है और उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस ने युवती को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है और उसके बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment