शामली में तीन बेटियों की मां ने किया था बच्चे को अगवा, आरोप‍ित महिला ग‍िरफ्तार

Rohit Kumar
3 Min Read

शामली। शहर के मोहल्ला काजीवाड़ा से तीन वर्षीय बच्चे का अपहरण करने वाली महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर चालान कर दिया। पुलिस का कहना है कि महिला ने पूछताछ में बताया कि उसके तीन बेटियां और बेटा नहीं है। पति का निधन हो चुका है। बेटे की चाहत में वह बच्चे को अकेला पाकर उसे अपने साथ ले गई थी।

मोहल्ला काजीवाड़ा में बुधवार करीब साढ़े पांच बजे घर के बाजार की तरफ वाली गली में खेलने गया तसलीम का तीन वर्षीय पुत्र मोहम्मद शाद लापता हो गया था। देर शाम तक भी जब बच्चा घर नहीं पहुंचा, तो उसकी तलाश की गई। इस दौरान सीसीटीवी फुटेज में बुर्का पहने महिला बच्चे का हाथ पकड़कर ले जाते हुए दिखाई दी। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। एसएसपी सुकीर्ति माधव ने शहर कोतवाली पुलिस, सर्विलांस टीम और एसओजी को बच्चे की तलाश में लगाया। एसएसपी खुद इस मामले की लगातार मॉनिटरिंग करते रहे। देर रात में करीब साढ़े 11 बजे अपहृत बच्चे को पुलिस ने कस्बा बनत से सकुशल बरामद करने के साथ ही आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया।

बच्चे के सकुशल मिलने पर परिजनों में खुशी का माहौल बन गया। एसएसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि इस मामले में बच्चे की मां आसमा की तरफ से शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। आरोपी महिला का नाम शबाना पत्नी स्वर्गीय हासिम निवासी कस्बा बनत थाना आदर्श मंडी है। एसएसपी के मुताबिक पुलिस की पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि उसके तीन बेटी है और कोई बेटा नहीं है। तीनों बेटियों की उम्र छह साल से लेकर 12 साल के बीच है। बुधवार शाम को वह काजीवाड़ा मोहल्ले से जा रही थी, तो उसी समय गली में बच्चे को अकेला देखकर उसे वह अपने साथ ले गई थी। उसका यह भी कहना था कि उसने बच्चे से उसके माता-पिता के बारे में पूछा था, लेकिन उसके नहीं बताने पर वह उसे ले गई थी। बेटे की चाहत में महिला संगीन अपराध कर बैठी। एसएसपी ने बताया कि महिला के का चालान कर दिया गया है।

Share This Article
Leave a Comment