फरीदाबाद में साइबर ठगों का आतंक, चार लोगों से 13.57 लाख की ठगी

Amit
2 Min Read

फरीदाबाद: शहर में साइबर अपराधियों ने अलग-अलग तरीकों से चार लोगों को निशाना बनाते हुए 13.57 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया है। ठगों ने खुद को कभी पुलिस अधिकारी तो कभी बैंक मैनेजर बताकर लोगों को डराया और बहकाया। कहीं निवेश का लालच दिया गया तो कहीं फर्जी चालान के मैसेज भेजकर खाते खाली कर दिए गए। सभी मामलों में साइबर क्राइम थानों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पहले मामले में सेक्टर-83 स्थित बीपीटीपी पार्क लाइट सोसाइटी में रहने वाले 62 वर्षीय बुजुर्ग को ठगों ने खुद को मुंबई पुलिस का अधिकारी बताकर कॉल किया। आरोपी ने आधार कार्ड के दुरुपयोग का डर दिखाते हुए बैंक खातों की जानकारी हासिल की और जांच का हवाला देकर रकम दूसरे खाते में ट्रांसफर करा ली। इस तरीके से आरोपी ने पीड़ित से करीब 99 हजार रुपये ठग लिए।

दूसरे मामले में सेक्टर-91 निवासी संतोष को क्रेडिट कार्ड की इंटरनेशनल सर्विस बंद कराने के नाम पर ठगी का शिकार बनाया गया। ठग ने खुद को निजी बैंक का मैनेजर बताया और एक लिंक भेजा। लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल हैक हो गया और खाते से करीब 49 हजार रुपये निकल गए।

तीसरे मामले में सेक्टर-10 के युवक को शेयर बाजार में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा दिया गया। आरोपियों ने निवेश के नाम पर अलग-अलग खातों में 6.80 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए और बाद में संपर्क तोड़ लिया।

चौथे मामले में बल्लभगढ़ निवासी योगेश कुमार को आरटीओ चालान का मैसेज भेजा गया, जिसमें एपीके फाइल शामिल थी। फाइल डाउनलोड करते ही उनके बैंक खाते से 7.09 लाख रुपये ट्रांसफर हो गए। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि साइबर क्राइम थाना सेंट्रल और बल्लभगढ़ में एफआईआर दर्ज कर ली है।

Share This Article
Leave a Comment