एसटीएफ गुरुग्राम की बड़ी कार्रवाई- 25 हजार के इनामी शूटर को मुठभेड़ के बाद दबोचा गया

Amit
2 Min Read

गुरुग्राम-  हरियाणा एसटीएफ की टीम ने रविवार सुबह एक अहम सफलता हासिल करते हुए 25,000 रुपये के इनामी कुख्यात शूटर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान रोहित के रूप में हुई है, जो महेंद्रगढ़ जिले के बर्फ गांव का रहने वाला है।

एसटीएफ गुरुग्राम यूनिट को यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र चौहान के नेतृत्व में मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सूचना के मुताबिक रोहित किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने गुरुग्राम पहुंचा था। पुलिस ने फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड पर बलियावास गांव के पास नाका लगाकर घेराबंदी की।

जैसे ही रोहित मौके पर पहुंचा, उसने पुलिस को देख कर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में एसटीएफ टीम ने भी आत्मरक्षा में फायरिंग की। मुठभेड़ में रोहित घायल हो गया और टीम ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया।

घायल आरोपी को पहले सामान्य अस्पताल, गुरुग्राम ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे PGIMS रोहतक रेफर कर दिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रोहित के खिलाफ गुरुग्राम और महेंद्रगढ़ में एक-एक जबकि राजस्थान में दो आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

एसटीएफ अधिकारियों के अनुसार, आरोपी एक संगठित आपराधिक गिरोह से जुड़ा हुआ है और कई गंभीर मामलों में वांछित था। पुलिस अब उससे पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटा रही है।

Share This Article
Leave a Comment