ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से देश के 11 शहरों की कनेक्टिविटी बुधवार यानी आज से और मजबूत होगी। इंडिगो एयरलाइन बुधवार से नवी मुंबई समेत भोपाल, जयपुर, देहरादून, धर्मशाला समेत अन्य शहरों के लिए उड़ान सेवा शुरू करने जा रही है।
अभी तक इंडिगो की विमान सेवा हैदराबाद, बेंगलुरु, अमृतसर, जम्मू आदि शहरों के लिए ही उपलब्ध थी। नए शहरों के जुड़ने से एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या में इजाफा होगा।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 जून से यात्री सेवाओं की शुरुआत के साथ इंडिगो ने लखनऊ, हैदराबाद, बेंगलुरु व अमृतसर के लिए विमान सेवा शुरू की थी।
16 जून को इंडिगो ने जम्मू व अकासा एयर ने बेंगलुरु व नवी मुंबई के लिए अपनी सेवा शुरू की थी, लेकिन एक जुलाई यानि बुधवार से नोएडा एयरपोर्ट कई नये शहरों को विमान सेवा से जोड़ने जा रहा है।
16 शहरों के लिए की जा सकेगी यात्रा
इसके शुरू होने से नोएडा एयरपोर्ट से यात्रा करने वालों को सहूलियत होगी। वे नोएडा एयरपोर्ट से देश के 16 शहरों के लिए यात्रा कर सकेंगे। हालांकि बरेली के लिए सप्ताह में चार दिन व किशनगढ़ के लिए सप्ताह में तीन दिन विमान सेवा उपलब्ध होगी।
एयरपोर्ट पर रोजाना टेकआफ और लैंड करने वाले विमानों की संख्या 48 तक पहुंच जाएंगी। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लि. के नोडल अफसर शैलेंद्र भाटिया का कहना है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से यात्रियों को आरामदायक यात्रा का अनुभव मिले, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं हो चुकी हैं।
बुधवार से फ्लाइट व यात्री संख्या में वृद्धि को देखते हुए यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रा. लि. व एयरलाइन कंपनियों ने अपने स्टाफ की संख्या को जरूरत के अनुरूप कर लिया है।
इन शहरों के लिए आज से शुरू हाेगी इंडिगो की विमान सेवा
नवी मुंबई, श्रीनगर, जोधपुर, भोपाल, देहरादून, पंतनगर, धर्मशाला, लखनऊ, जयपुर, चंडीगढ़, बरेली शामिल हैं। किशनगढ़ के लिए बृहस्पतिवार को विमान सेवा उपलब्ध होगी। हैदराबाद, बेंगलुरु, अमृतसर, जम्मू के लिए पहले से ही विमान सेवा संचालित हो रही है।
अकासा एयर की सेवा अभी दो शहरों के लिए
16 जून से शुरू हुई अकासा एयर की विमान सेवा नोएडा एयरपोर्ट से अभी दो शहरों के लिए ही संचालित हो रही है। इसमें नवी मुंबई और बेंगलुरु शामिल हैं। नोएडा एयरपोर्ट से यात्री सेवा के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी यापल के साथ कर रखा है, लेकिन अभी एयरलाइन ने नोएडा एयरपोर्ट से अपनी यात्री सेवाओं की शुरुआत नहीं की है।
बुधवार को भी उपलब्ध रहे टिकट
एक जुलाई से शुरू होने वाली विमान सेवा के लिए बुधवार शाम को भी टिकट उपलब्ध रहे। जयपुर के लिए 3325 रुपये प्रति यात्री में टिकट उपलब्ध था। लखनऊ के लिए 3394 से लेकर 5979 में टिकट उपलब्ध था। भोपाल के लिए टिकट 5297 रुपये, जयपुर के लिए 4375 रुपये, धर्मशाला के लिए 5028 रुपये, देहरादून के लिए 2888, चंडीगढ़ के लिए 4400 रुपये है।

