टैक्सी चलाने की आड़ में करते थे रेकी, रात में घरों में घुसकर लूट-चोरी; मुठभेड़ के बाद 4 बदमाश गिरफ्तार

News Desk
2 Min Read

ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने तिलपता गोलचक्कर के पास मुठभेड़ के बाद चोरी और लूट की घटनाओं में शामिल चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है, जबकि 2 अन्य को काम्बिंग के दौरान पकड़ा गया। सभी आरोपित कासगंज के रहने वाले हैं और ग्रेटर नोएडा में चोरी-लूट की वारदातें करते थे।

पुलिस के अनुसार रविवार को तिलपता गोलचक्कर के पास 130 मीटर रोड पर चेकिंग के दौरान सफेद रंग की स्विफ्ट टैक्सी कार आती दिखाई दी। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर कार सवारों ने जान से मारने की नियत से पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी और गाड़ी को वापस मोड़कर सूरजपुर वेटलैंड की तरफ भाग निकले।

पीछा करने पर बदमाश टैक्सी से उतरकर जंगल की तरफ भागे और पेड़-झाड़ियों की आड़ लेकर फिर फायरिंग करने लगे। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाश घायल हो गए। घायल बदमाशों की पहचान वीरपाल निवासी ग्राम मानपुर नगरिया, थाना सोरों, कासगंज और विजयपाल निवासी ग्राम मौजमपुर, थाना सोरों, कासगंज के रूप में हुई। दोनों सूरजपुर में किराए पर रहते थे।

काम्बिंग में उनके दो साथियों अर्जुन कश्यप और अवधेश को भी पकड़ लिया गया। कब्जे से 4 अवैध तमंचा, घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार, विभिन्न देशों की 56 विदेशी मुद्रा, 2 घड़ियां, सोने-चांदी के जेवर, 14,275 रुपये नगद और एक जापानी मुद्रा बरामद की है। जांच में पता चला कि आरोपितों ने चार जुलाई की रात पैरामाउंट सोसायटी के दो विला घरों में चोरी और लूटपाट की थी।

Share This Article
Leave a Comment