दिल्ली में रहस्यमय ढंग से लापता हुआ एसएसबी जवान, आठ दिन बाद भी नहीं मिला कोई सुराग

Amit
2 Min Read

नई दिल्ली: देश की सीमाओं की सुरक्षा में तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) का एक जवान राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया है। एसएसबी के सिपाही सरत डेका (43) के गायब होने के आठ दिन बीत जाने के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिल सका है। इस बीच, शुरुआती दिनों में दिल्ली पुलिस क्षेत्राधिकार और सीसीटीवी फुटेज की उलझन में फंसी रही, जिससे जांच में देरी का आरोप लगा है।

मूल रूप से असम के रहने वाले सरत डेका जम्मू के केंद्रीकृत प्रशिक्षण केंद्र में तैनात हैं। दर्ज कराई गई गुमशुदगी के अनुसार, वह 14 जून को रोहतक-अमृत भारत एक्सप्रेस से पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचे थे, जहां से उन्हें आगे ऋषिकेश जाना था। जवान की बेटी ने बताया कि 14 जून को उनकी पिता से आखिरी बार बात हुई थी, जिसमें उन्होंने बताया था कि उन्होंने 1200 रुपये का टिकट ले लिया है और शाम 5 बजे बस से ऋषिकेश निकलेंगे। इसके बाद से उनका कोई संपर्क नहीं हो पाया और 15 जून की सुबह से उनका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है।

इस मामले में चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब एक आम नागरिक ने जवान सरत डेका का पहचान पत्र कश्मीरी गेट पुलिस चौकी में जमा कराया। इसके बाद 19 जून को उनका बैग भी उसी चौकी में लावारिस हालत में जमा कराया गया।

 एसएसबी का आरोप है कि कश्मीरी गेट पुलिस चौकी ने यह कहते हुए शिकायत दर्ज करने से इन्कार कर दिया कि जवान उनके क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों में दिखाई नहीं दे रहा है। पुलिस और क्षेत्राधिकार के इस विवाद के बाद, आखिरकार एसएसबी के एएसआई की शिकायत पर 21 जून को पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई। फिलहाल दिल्ली पुलिस और एसएसबी की टीमें जवान की सरगर्मी से तलाश कर रही हैं।

Share This Article
Leave a Comment