गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में राष्ट्रीय राजमार्ग-9 (NH-9) पर सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार से गंगा स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप गाड़ी कृष्णानगर बागूवाला कॉलोनी के सामने एक बस से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में पिकअप के चालक की मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार महिला और बच्चों समेत 13 लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल एक महिला को दिल्ली रेफर किया गया है।
एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि यह दुर्घटना क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में तड़के करीब साढ़े तीन बजे हुई। पिकअप गाड़ी में सवार सभी श्रद्धालु गौतमबुद्धनगर (नोएडा) के सेक्टर-110 के रहने वाले हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत एमएमजी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने नोएडा निवासी चालक राजेश कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल संगीता (पत्नी अशोक माथुर) को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर (दिल्ली) रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है।
इस हादसे के बाद एक बार फिर मालवाहक और व्यावसायिक वाहनों में सवारियां बैठाने को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। नियमों के मुताबिक, किसी भी कमर्शियल पिकअप या डंपर में सवारियां बैठाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। वर्ष 2022 में कानपुर में हुए एक बड़े हादसे के बाद यातायात निदेशालय ने इस पर सख्त रोक लगाने के आदेश दिए थे।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कम किराये के लालच में लोग ऐसे असुरक्षित वाहनों में लंबी दूरी का सफर तय करते हैं। वहीं, हरिद्वार से गाजियाबाद तक के इतने लंबे रूट पर पुलिस द्वारा वाहन की चेकिंग न किए जाने को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
हादसे में घायल हुए सभी लोग नोएडा सेक्टर-110 के निवासी हैं, जिनमें मंजू देवी, रितेश, अमन, रोशनी, शबनम, करण, रीना, नेहा, प्रियंका, संगीता, हर्ष, प्रिंस और रजनीश शामिल हैं। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है और चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

