भारत में बैठकर आईएसआई के लिए कर रहा था काम, स्पेशल सेल ने किया गिरफ्तार

Amit
2 Min Read

भरतपुर का रहने वाला कासिम पाकिस्तान जाकर ले चुका था ट्रेनिंग, जांच एजेंसियां और चेहरों की तलाश में

दिल्ली एनसीआर। देश की सुरक्षा एजेंसियों ने हाल ही में एक और बड़ा खतरा समय रहते टाल दिया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने राजस्थान के भरतपुर जिले से ताल्लुक रखने वाले एक मौलवी कासिम को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

जानकारी के मुताबिक, कासिम पिछले साल पाकिस्तान गया था, जहां उसने करीब एक महीने तक आईएसआई के अधिकारियों से सीधा प्रशिक्षण लिया। वहीं से लौटने के बाद वह देश के भीतर सूचनाएं जुटाने और कुछ युवाओं को गुमराह करने की गतिविधियों में लगा हुआ था।

स्पेशल सेल की शुरुआती जांच में यह बात भी सामने आई है कि कासिम का नेटवर्क जयपुर तक फैला हुआ है और वह सोशल-धार्मिक मंचों के जरिए लोगों को प्रभावित कर रहा था। इतना ही नहीं, उसका भाई भी आईएसआई के संपर्क में था और फिलहाल फरार है। सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क को खंगाल रही हैं।

जांच एजेंसियों को शक है कि कासिम केवल सूचना जुटाने का काम नहीं कर रहा था, बल्कि एक बड़े मॉड्यूल का हिस्सा था जो भारत में खुफिया गतिविधियों को अंजाम देने के लिए तैयार किया गया था। कासिम से पूछताछ जारी है और उससे जुड़े कुछ और लोगों की पहचान हो चुकी है। जल्द ही कुछ और गिरफ्तारियां संभव हैं।

Share This Article
Leave a Comment