
दक्षिणी दिल्ली। सरकारी आवास में चोरी करने के बाद आरोपितों ने पुलिस से बचने के लिए पूरी सावधानी बरती। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे को बंद किया और वारदात के बाद रास्ते में अलग-अलग स्थानों पर कई बार कपड़े बदले, ताकि उनकी पहचान न हो सके।
100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले
इसके बावजूद दक्षिणी जिला पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए सभी आभूषण, कलाई घड़ी और चश्मे बरामद कर लिए हैं। वारदात में इस्तेमाल चोरी की बाइक भी बरामद की गई है।
केयरटेकर ने दर्ज कराई शिकायत
गिरफ्तार आरोपित मदनपुर खादर के राजनगर निवासी सुमित कुमार उर्फ इल्लू और रोहन कुमार हैं। सुमित के खिलाफ पहले से चोरी और चोरी का सामान रखने से जुड़े 19 मामले दर्ज हैं, जबकि रोहन का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है।
पुलिस के मुताबिक, 26 अक्टूबर को डिफेंस काॅलोनी थाने में सरकारी आवास में चोरी की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को शिकायतकर्ता ने बताया कि वह सरकारी फ्लैट में केयरटेकर है।
सीसीटीवी कैमरा भी बंद कर दिया
अज्ञात लोगों ने कमांडेंट के आवास में घुसकर कीमती सामान चोरी कर लिया है। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें दो संदिग्ध घर में प्रवेश करते दिखाई दिए।
वारदात के बाद उनमें से एक ने घर में लगा सीसीटीवी कैमरा भी बंद कर दिया था। इसके बाद पुलिस ने आसपास के कैमरों की फुटेज के जरिए दोनों की आवाजाही का रास्ता तलाशना शुरू किया।
मूलचंद से कालिंदी कुंज तक खंगाली फुटेज
फुटेज में दोनों आरोपित काले रंग की स्प्लेंडर प्लस बाइक पर मूलचंद से ओखला होते हुए कालिंदी कुंज की तरफ जाते दिखाई दिए। इस दौरान अलग-अलग स्थानों पर उनके कपड़े बदले हुए नजर आए। पुलिस टीम ने अलग-अलग कैमरों की फुटेज का मिलान कर उनकी गतिविधियों को जोड़ते हुए पहचान की।
बाइक भी हौजखास से थी चुराई
जांच में पता चला कि वारदात में इस्तेमाल बाइक 14 अक्टूबर को हौजखास थाना क्षेत्र से चोरी किया गया था। तकनीकी निगरानी और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपितों के पास से चार ऑक्सीडाइज्ड ब्रांडेड हार, दो जेम्स ब्रांड के हार, कानों के आठ जोड़ी टाॅप्स, एक ब्रांडेड कलाई घड़ी और दो ब्रांडेड चश्मे बरामद किए हैं।
