
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में चाकूबाजी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं. ताजा मामला मंगोलपुरी इलाके से सामने आया है, जहां दिन में करीब तीन बजे बाइक सवार हमलावरों ने मोमोज की रेहड़ी लगाने वाले एक युवक पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हत्या के पीछे पुरानी आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है.
मृतक के भाई हरभजन सिंह ने बताया कि हम मंगोलपुरी में ही मोमोज का रेहड़ी लगाते है. कुछ दिन पहले मेरा और भाई का किसी से झगड़ा हुआ था. उसके बाद आज कुछ लोग आए और मेरे भाई को चाकू मार कर चले गए. मुझे भी पहले झगड़े के बाद से ही धमकियां मिल रही थी. भाई करणपाल सिंह की उम्र छब्बीस साल थी. वह अपने काम में ध्यान देता था. उस झगड़े की वजह से उसकी हत्या की गई है.
बताया जा रहा है कि हमलावर अचानक मौके पर पहुंचे और युवक पर चाकुओं से एक के बाद एक कई वार कर दिए. हमले में युवक गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन गंभीर चोटों के चलते डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.
वहीं, शुरुआती जांच में सामने आया है कि कुछ दिन पहले मृतक और आरोपियों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जो बाद में झगड़े में बदल गई थी. आशंका जताई जा रही है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया. फिलहाल पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है. फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है.
