दिल्ली के रोहिणी में रिश्तों का कत्ल: चाचा ने शराब पिलाकर 17 वर्षीय भतीजे पर किए चाकुओं से वार, इलाज के दौरान मौत

News Desk
5 Min Read

नई दिल्‍ली: राजधानी दिल्ली में आपराधिक वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं. कभी आपसी रंजिश तो कभी मामूली कहासुनी में चाकूबाजी की घटनाएं सामने आ रही हैं. लेकिन रोहिणी जिले के बेगमपुर थाना क्षेत्र के बुद्ध विहार इलाके में सामने आई एक वारदात ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया. यहां रिश्ते में चाचा लगने वाले चीकू ने अपने ही 17 वर्षीय भतीजे पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए. हमले में गंभीर रूप से घायल नाबालिग लड़के की इलाज के दौरान मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन दिल्ली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही घंटों में उसे गिरफ्तार कर लिया.

मामला 27 अक्टूबर का है. जानकारी के मुताबिक, नाबालिग सुबह अपने काम पर जाने के लिए घर से निकला था. इसी दौरान रिश्ते में चाचा लगने वाले चीकू ने उसे रास्ते में रोक लिया और बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया. इसके बाद दोनों ने दिनभर साथ समय बिताया और शराब भी पी. रात के समय जब दोनों बाइक से कहीं जा रहे थे, तभी रास्ते में चीकू ने बाइक रोकी और विशाल के साथ कहासुनी शुरू कर दी. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और चीकू ने चाकू निकालकर नाबालिग के पैर पर वार कर दिया. हमले में नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया. पैर से अधिक खून बहने के कारण उसकी हालत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

घटना की सूचना मिलते ही बेगमपुर थाना पुलिस हरकत में आई. मामले की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार ने पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की. पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी चीकू को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है.

रोहिणी के पुलिस उपायुक्त (DCP) शशांक जायसवाल ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से कोई पुरानी रंजिश नहीं थी. कुछ समय पहले विशाल ने इनके पड़ोस में ही एक मकान किराए पर लिया था, लेकिन बाद में उन्होंने वहां से मकान बदलकर बेगम विहार में अपना नया ठिकाना बना लिया था. वारदात वाले दिन चीकू नामक आरोपी ने विशाल के पैर पर चाकू से हमला कर दिया. हमले के बाद बहुत ज्यादा खून बह जाने के कारण विशाल की मौत हो गई. पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर तत्परता दिखाई और आरोपी को कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

‘किसी से नहीं थी दुश्मनी’

मृतक के चाचा दिनेश ने बताया कि नाबालिग की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी. चीकू सुबह उसे काम पर जाते समय अपने साथ बुलाकर ले गया था. इसके बाद दिनभर उसे अपने साथ घुमाया और शराब भी पिलाई. रात में जब दोनों वापस जा रहे थे, तभी चीकू ने चाकू निकालकर हमला कर दिया. घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

वहीं, नाबालिग की दादी ने बताया कि उनके पोते का किसी से कोई विवाद या दुश्मनी नहीं थी. सुबह जब वह काम पर जा रहा था, तभी चीकू उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था. रात में परिवार को फोन आया कि विशाल को किसी ने चाकू मार दिया है. उस समय उन्हें यह भी जानकारी नहीं थी कि हमला चीकू ने किया है. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था.

परिजनों के मुताबिक, कुछ समय पहले चीकू के पड़ोस में मकान लिया था, लेकिन बाद में उसने मकान बदलकर बेगम विहार में ले लिया था. हालांकि, परिवार ने दोनों के बीच किसी पुरानी रंजिश से इनकार किया है. फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. इस घटना ने एक बार फिर रिश्तों की संवेदनशीलता और आपसी विवादों के हिंसक रूप लेने पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. जिस उम्र में विशाल को अपने भविष्य और करियर के सपने संजोने चाहिए थे, उस उम्र में उसकी जिंदगी एक चाकू के वार ने छीन ली.

Share This Article
Leave a Comment