ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के सेक्टर डेल्टा-वन में आरडब्ल्यूए ने मेट्रो स्टेशन के नीचे रेहड़ी पटरी विक्रेताओं द्वारा अवैध अतिक्रमण किए जाने का आरोप लगाया है। आरडब्ल्यूए ने सीईओ एनजी रवि के नाम ज्ञापन सौंपते हुए अवैध अतिक्रमण को जल्द से जल्द हटाने जाने की मांग की है।
सेक्टर के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष प्रमोद भाटी ने बताया कि सेक्टर डेल्टा-वन मेट्रो स्टेशन के समीप सेक्टर का मुख्य प्रवेश द्वार है। लेकिन पिछले काफी समय से रेहड़ी-पटरी वालों ने पूरे फुटपाथ और सड़क पर कब्जा कर लिया है। इसकी वजह से सुबह-शाम सेक्टरवासियों का निकलना तक मुश्किल हो गया है। आए दिन ट्रैफिक जाम और झगड़े की नौबत आ जाती है।
रेहड़ी-पटरी के चलते यहां अवैध टैक्सी स्टैंड भी बन गया
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि रेहड़ी-पटरी के चलते यहां अवैध टैक्सी स्टैंड भी बन गया है। लोग रोड पर गाड़ी खड़ी कर खाना खाते हैं और खुले में शराब पीते हैं। इसके अलावा स्मैक, गांजा जैसे नशीले पदार्थ बेचे जाने की भी शिकायतें मिल रही हैं। इससे पूरे इलाके का माहौल खराब हो गया है और महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी लोग चिंतित हैं।
आरडब्ल्यूए ने प्राधिकरण से अनुरोध किया है कि शहर को स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखने के लिए मेट्रो स्टेशन परिसर से सभी अवैध रेहड़ी-पटरी वालों को तुरंत हटाया जाए। ताकि सेक्टरवासियों को जाम और असुविधा से राहत मिल सके।

