फर्जी शादी गिरोह का भंडाफोड़, चार बच्चों की मां बनाती थी दुल्हन बनकर ठगी

News Desk
3 Min Read

पश्चिमी दिल्ली। पश्चिमी जिला पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है जो चार बच्चों की मां को अविवाहित युवती बताकर उसकी शादी कराता था और दूल्हे से लाखों रुपये व आभूषण लेकर फरार हो जाता था। अभी तक इस गिरोह के तीन गुर्गे गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जिसमें आरोपित महिला व उसका पति भी शामिल है।

पुलिस अब गिरोह के तीन अन्य गुर्गे की तलाश कर रही है। गिरफ्तार आरोपितों में लवली उर्फ ललिता (40), उसका पति कमल लोहरा और सहयोगी दीपू उर्फ राकेश एक्का शामिल है। गिरोह में शामिल अन्य तीन सदस्य अंकित वर्मा, दीपिका और गोपाल अभी फरार हैं।

आरोपित महिला ने अभी तक कितनी शादियां की हैं और कितने को शिकार बनाया है, इसका पता लगाया जा रहा है। तीनों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। मामले की छानबीन जारी है।

लवली उर्फ ललिता नामक अपनी पत्नी के गुमशुदगी की शिकायत की

पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की शुरुआत 18 जून को ख्याला थाने में एक शख्स द्वारा लवली उर्फ ललिता नामक अपनी पत्नी के गुमशुदगी की शिकायत की जांच शुरू हुई। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी निगरानी और स्थानीय सूचना के आधार पर लवली का पता राजस्थान के पाली जिले में लगाया।

सटीक सूचना पर पुलिस ने पाली में छापेमारी कर लवली को गिरफ्तार कर वहां से उसे दिल्ली लाकर पूछताछ की गई तो पूरी साजिश सामने आ गई। पूछताछ में लवली ने बताया कि उसकी शादी करीब 18 वर्ष पहले कमल लोहरा से हो चुकी है और उनके चार बच्चे हैं।

इसके बावजूद वह पति और साथियों के साथ मिलकर खुद को अविवाहित बताती थी। गिरोह ऐसे युवकों की तलाश करता था, जिनकी शादी नहीं हुई होती थी। इसके बाद शादी कराने के नाम पर मोटी रकम ली जाती थी।

राजस्थान के जालौर निवासी श्रवण वैष्णव की शादी लवली से कराई गई

जांच में पता चला कि एक जून को राजस्थान के जालौर निवासी श्रवण वैष्णव की शादी लवली से कराई गई। इस शादी के बदले गिरोह ने उससे छह लाख रुपये लिए, जिन्हें बाद में आपस में बांट लिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपितों की योजना कुछ दिन ससुराल में रहने के बाद नकदी और जेवर लेकर फरार होने की थी। पर उससे पहले ही किसी कारण से वह घर छोड़ कर निकल गई।

पुलिस अब फरार आरोपितों की तलाश के साथ यह भी पता लगा रही है कि इस गिरोह ने दिल्ली, राजस्थान या अन्य राज्यों में कितने लोगों को इसी तरह ठगी का शिकार बनाया है।

Share This Article
Leave a Comment