ग्रेटर नोएडा। शहर में ई-बस सेवा शुरू होने के बाद अब यात्रियों को आधुनिक बस स्टाप की सुविधा भी मिलने जा रही है। प्राधिकरण ने इस दिशा में काम शुरू कर दिया है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण अब शहर के 45 प्रमुख बस स्टैंड को सोलर सिस्टम से जोड़ने का फैसला किया है।
बस स्टैंड के ऊपरी हिस्से यानि छत को सोलर पैनल से ढका जाएगा। इससे जनरेट होने वाली बिजली से ही बस स्टैंड पर मौजूद सुविधाओं संचालित होगी। इसमें जीपीएस युक्त स्मार्ट बोर्ड भी होगा, जिस बसों के आगमन-प्रस्थान से जुड़ी जानकारी यात्रियों को साझा की जाएगी। मौजूदा समय में अधिकांश बस स्टैंड जर्जर स्थिति में है।
अभी शहर के ज्यादातर बस स्टैंड जर्जर हालत में हैं। इस समस्या को देखते हुए प्राधिकरण ने आधुनिकीकरण का फैसला लिया है। अगले महीने से इस पर काम शुरू होने की संभावना है। प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक इसका लेआउट प्लान तैयार कर लिया गया है।
यात्रियों को नहीं करना होगा बेवजह इंतजार
नए बस स्टैंड की छत पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे। इससे लाइट, पंखे और डिजिटल सिस्टम के लिए बिजली की कोई दिक्कत नहीं होगी। हर स्टैंड पर डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड लगाया जाएगा। जीपीएस से लैस ई-बसों की लोकेशन और उनके पहुंचने का अनुमानित समय इसमें दिखाई देगा।
प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह का कहना है कि ई-बसों का लाभ तभी है जब लोग इसका इस्तेमाल करें। लोग तभी इस्तेमाल करेंगे जब उन्हें समय की सही जानकारी मिले। नए सिस्टम से यात्रियों को बेवजह इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

