नई दिल्ली। दिल्ली राज्य स्वास्थ्य मिशन (डीएसएचएम) के कर्मचारी शुक्रवार को एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल पर रहेंगे। हड़ताल सातवें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू करने, लंबित वार्षिक वेतन वृद्धि का लाभ देने, वेतन सीमा (सीलिंग) को अद्यतन करने, डीजीईएचएस स्वास्थ्य कार्ड जारी करने, नौकरी की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा सेवानिवृत्ति लाभ की व्यवस्था करने की मांग को लेकर की जा रही है।
महंगाई लगातार बढ़ रही
हेल्थ मिशन डाॅक्टर्स वेलफेयर एसोसिएशन की अध्यक्ष डॉ. अल्का चौधरी और सचिव डाॅ. नेहा अग्रवाल ने कहा कि सातवें वेतन आयोग से संबंधित फाइल वर्षों से लंबित है। आरोप लगाया कि कई कर्मचारियों को पिछले तीन वर्षों से वार्षिक वेतन वृद्धि का लाभ भी नहीं मिला है, जबकि महंगाई लगातार बढ़ रही है।
वैकल्पिक व्यवस्था की तैयारी
हड़ताल की घोषणा के बीच दिल्ली राज्य स्वास्थ्य मिशन ने सभी संबंधित संस्थानों को सख्त निर्देश दिए हैं कि हड़ताल में भाग लेने के कारण ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों को अनुपस्थित दर्ज किया जाएगा तथा इस अवधि के लिए किसी भी प्रकार का अवकाश स्वीकृत या नियमित नहीं किया जाएगा। साथ ही, अस्पतालों, ओपीडी, आइपीडी, टीकाकरण और अन्य जनस्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावित होने से बचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
