दिल्ली में मैक्स हॉस्पिटल को मिली बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन

Amit
2 Min Read

नई दिल्ली-  दिल्ली में एक बार फिर बम धमकी का मामला सामने आया है। शालीमार बाग स्थित मैक्स हॉस्पिटल को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसके बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे परिसर में तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया।

गौरतलब है कि शुक्रवार को राजधानी दिल्ली हाईकोर्ट को भी इसी तरह की धमकी मिली थी, लेकिन जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई थी। पुलिस का कहना है कि अब तक सामने आए अधिकांश मामले फर्जी साबित हुए हैं, लेकिन हर अलर्ट को गंभीरता से लेकर जांच की जा रही है।

पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां

  • 15 फरवरी 2024: दिल्ली हाईकोर्ट को बम धमाके की धमकी मिली, जिसे बाद में फर्जी करार दिया गया।

  • 16 अप्रैल 2025: द्वारका जिला अदालत में बम होने की सूचना पर जांच की गई, लेकिन कुछ नहीं मिला।

  • 1 मई 2025: दिल्ली हाईकोर्ट ने पुलिस व सरकार से बम धमकी के मामलों पर रिपोर्ट मांगी।

स्कूलों को भी लगातार मिलती रही फर्जी धमकियां

दिल्ली पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी से अगस्त 2025 के बीच दिल्ली-एनसीआर में 100 से ज्यादा शैक्षणिक संस्थानों को ई-मेल के जरिए बम धमकी मिल चुकी है। इनमें डीपीएस वसंत विहार, अमिटी स्कूल साकेत, मॉडर्न स्कूल, सेंट स्टीफंस कॉलेज और श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसआरसीसी) जैसे नामचीन संस्थान शामिल हैं।

जुलाई 2025 में महज चार दिनों में 50 से ज्यादा स्कूलों को धमकी भरे ई-मेल भेजे गए थे। इस मामले में पुलिस ने 12 साल के एक बच्चे को गिरफ्तार भी किया था, जिसने मजाक के तौर पर धमकी भेजी थी।

पुलिस की सख्ती

दिल्ली पुलिस का कहना है कि भले ही अब तक सभी धमकियां फर्जी साबित हुई हैं, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से इन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। हर सूचना पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है और संबंधित इलाकों की कड़ी जांच-पड़ताल की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment