साहिबाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के वसुंधरा सेक्टर 13 के रहने वाले एक व्यक्ति से ठगों ने निवेश में मुनाफे का झांसा देकर 31.66 लाख रुपये हड़प लिए। पीड़ित कैंसर पीड़ित हैं और उनकी पत्नी ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वसुंधरा सेक्टर 13 निवासी विजय कुमार कैंसर पीड़ित हैं। उनकी पत्नी रेखा जायसवाल ने बताया कि उनकी रोखा इंटरप्राइजेज के नाम से फर्म हैं।
आरोप है कि जायजअप बेवरेजेस एलएलपी नाम की कंपनी की सीईओ व दो अन्य साझेदारों गुंजन पाेद्दार, श्रद्धा पोद्दार व नुपुर पोद्दार ने उन्हें व्यापार में शामिल करने के लिए तीन माह में 20 फीसदी मुनाफा देने का झांसा दिया।
एडवांस भुगतान के नाम पर लिए 5 लाख
आरोप है कि कंपनी ने एडवांस भुगतान के नाम पर पांच लाख रुपये लिए और उन्हें वापस करने की बजाय माल खरीदकर खुद ही लाभ लेते रहे। आरोप है कि आरोपितों ने उनकी फर्म को 21.40 लाख व उनके साथी संजय जायसवाल की फर्म इशिता ट्रेडर्स को भेजा 10.25 लाख रुपये का माल वापस मंगा लिया।
वापस मांगने पर रकम नहीं लौटाई। पुलिस से शिकायत करने पर आरोपितों ने भुगतान का वादा किया लेकिन पूरा नहीं किया। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत की तो मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई।
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव का कहना है कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

