गाजियाबाद: रोडरेज हत्या केस में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक और आरोपी दबोचा गया

News Desk
2 Min Read

लोनी। लोनी बार्डर थाना पुलिस ने रोडरेज के बाद पीट-पीटकर हुई हत्या के मामले में दूसरे आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर बलेनो कार बरामद कर ली है। पुलिस ने एक आरोपित को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

लोनी मुस्तफाबाद कालोनी निवासी जैद 29 जून को अपने दो दोस्तों के साथ घर से बेहटा हाजीपुर नहर रोड स्थित स्वीमिंग पूल में नहाने जा रहा था। इंद्रप्रस्थ गैस प्लांट चौराहे पर उनकी बाइक राहुल मावी और अनुज की कार से टकरा गई थी।

नाराज राहुल जैद को लेकर पहुंच गया था प्रॉपर्टी ऑफिस फिर

बाइक टकराने से नाराज राहुल मावी जैद को बलेनो कार में लेकर मनीष प्रापर्टी आफिस पर पहुंचा था। जहां दोनों ने उसकी पिटाई कर दी थी। उसके दोस्त उसे गंभीर हालत में घर लेकर पहुंचे थे।

स्वजन ने उसे दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। एसीपी अमरदीप मौर्य ने बताया कि बार्डर थाना पुलिस ने बृहस्पतिवार सुबह शकलपुरा निवासी अनुज को गिरफ्तार किया है।

उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बलेनो कार भी बरामद कर ली गई है। उन्होंने बताया कि हत्या के आरोपित राहुल मावी उर्फ पहलवान को पहले गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।

Share This Article
Leave a Comment