
गाजियाबाद: विजयनगर थाना क्षेत्र के सिद्धार्थ विहार सेक्टर-7 में शराब ठेके के बाहर युवती से छेड़छाड़ और अभद्रता का मामला सामने आने पर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। विरोध में रेजिडेंट्स सड़क पर उतर आए और शराब का ठेका बंद कराने की मांग को लेकर हंगामा किया। प्रदर्शन के दौरान मौके पर पहुंची पुलिस से लोगों की तीखी नोकझोंक भी हुई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सेक्टर-7 स्थित ओपस मॉल में विंटेज वाइन शॉप संचालित है। इसके बाहर रोजाना शाम होते ही शराब पीने वालों का जमावड़ा लग जाता है। बीती रात कार में सवार होकर आए कुछ शराबियों ने पास की सोसायटी में रहने वाली युवती के साथ छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार किया। घटना की जानकारी मिलने पर सोसायटी के लोग एकजुट हो गए और विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर काफी लोग जुट गए। उन्होंने शराब की दुकान बंद कराने की मांग उठाई।
मौके पर पहुंची पुलिस
हंगामे की सूचना पर विजयनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन रेजिडेंट्स अपनी मांग पर अड़े रहे। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच काफी तीखी नोकझोंक हुई। लोगों का आरोप था कि ठेके के बाहर शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है और पुलिसकर्मी सबकुछ देखते हुए भी कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं करते। विरोध कर रहे लोग धरने पर बैठ गए और ठेका बंद कराने की मांग दोहराई। लोगों ने ठेके के बाहर खड़े होकर देर तक नारेबाजी की और शराब लेने आए ग्राहकों को लौटा दिया।
रेजिडेंट्स ने बताया कि सिद्धार्थ विहार के सेक्टर-7 और सेक्टर-9 में विंटेज वाइन शॉप और कंपोजिट वाइन शॉप संचालित हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि रिहायशी क्षेत्र में शराब के ठेके खोलने की अनुमति किन नियमों के तहत दी गई है। लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस की शह पर रात 10 बजे के बाद भी दोनों ठेकों पर शराब की बिक्री होती है। इतना ही नहीं, ठेकों के सेल्समैन छोटे-छोटे बच्चों से शराब की बोतलों की होम डिलीवरी भी करवाते हैं। लोगों ने पुलिस और आबकारी विभाग पर इन गतिविधियों की जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने दोनों ठेकों की जांच कराने, अवैध बिक्री पर रोक लगाने और शराब की दुकानों को बंद कराने की मांग की।
