गाजियाबाद: राजनगर रेजीडेंसी की 13वीं मंजिल की बालकनी से गिरकर 17 वर्षीय छात्र की मौत, जांच में जुटी पुलिस

News Desk
2 Min Read

गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित राजनगर रेजीडेंसी सोसायटी में मंगलवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में 13वीं मंजिल स्थित फ्लैट की बालकनी से गिरकर 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई।

हादसे के बाद उसे तत्काल यशोदा अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस हादसे और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

घटना के समय घर पर परिवार मौजूद

मृतक की पहचान चेतन्य शर्मा पुत्र मूलचंद शर्मा के रूप में हुई है। वह नेहरू वर्ल्ड स्कूल में 12वीं का छात्र था और स्वजन के साथ सोसायटी के 13वीं मंजिल स्थित फ्लैट में रहता था। किशोर के पिता कुशीनगर में विद्युत विभाग में अधिशासी अभियंता हैं। घटना के समय किशोर की मां और बहन घर पर मौजूद थीं।

घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक यूनिट

सूचना पर नंदग्राम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि घटनास्थल पर फॉरेंसिक और फील्ड यूनिट को भेजा गया है। किशोर बालकनी से कैसे गिरा, इसकी जांच कराई जा रही है। मौके से या किशोर के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं है।

Share This Article
Leave a Comment