साहिबाबाद। वर्षा के बाद नालों का सीवर युक्त पानी घरों में घुसने से नाराज वसुंधरा सेक्टर-16 के लोग अब एनजीटी जाएंगे। इसके लिए लोगों ने चंद्रशेखर आजाद पार्क में शुक्रवार को बैठक कर योजना बनाई।
लोगों ने कहा कि नगर निगम में मानसून आने से पहले लगातार शिकायतें की गईं। इसके बाद भी नालों की सफाई का कार्य नहीं किया गया। इससे नालों का सीवर युक्त पानी बेसमेंट और परिसर में भर गया।
इससे लोगों का आर्थिक नुकसान हुआ है। लोगों ने कहा कि बरसाती नाले में सीवर युक्त पानी छोड़े जाने के मामले में राष्ट्रीय हरित अधिकरण में फिर से शिकायत दायर की जाएगी।
आरडब्ल्यूए संरक्षक अमित किशोर ने इसको लेकर नगर आयुक्त और संबंधित अधिकारियों से बात की। इसके बाद नगर निगम ने पूरे मुनादी कराकर नागरिकों से अपील की गई कि जिन लोगों ने नाले के ऊपर रैंप या अन्य किसी भी प्रकार से अतिक्रमण कर रखा है उसे हटा लें।
वसुंधरा सेक्टर-16 के मकान नंबर एक से अग्रसेन चौक होते हुए सेंट्रल मार्केट तक जाने वाले नाले की सफाई कराए। इस मौके पर प्रमोद कौशिक, अनीता नकरा, राजीव रंजन, आशीष सोलंकी, धर्मेन्द्र सिंह, इंद्रजीत पोद्दार, संजय विष्ट, ऋतु शर्मा, संध्या सक्सेना आदि मौजूद रहे।

