गाजियाबाद में संपत्ति खरीदने का मौका, 84 भूखंडों की नीलामी 7 सितंबर को

News Desk
2 Min Read

गाजियाबाद। शहर में संपत्ति खरीदने का इंतजार कर रहे लोगों के लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) एक अवसर लेकर आया है। प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं में 84 भूखंडों की नीलामी सात सितंबर को होगी।

इनमें 120 वर्गमीटर से लेकर करीब सात हजार वर्गमीटर तक के भूखंड शामिल हैं। आवासीय और व्यावसायिक संपत्तियों के साथ ग्रुप हाउसिंग, स्कूल, अस्पताल, नर्सिंग होम और हेल्थ सेंटर के लिए भूखंड भी नीलामी में रखे गए हैं।

मिक्स्ड लैंड यूज के 5 भूखंडों की भी नीलामी

इस बार नीलामी में इंदिरापुरम योजना और उसके विस्तार क्षेत्र पर खास फोकस है। यहां अलग-अलग आकार के सर्वाधिक 62 भूखंड शामिल किए गए हैं। इनमें दुकान, व्यावसायिक, आवासीय, होटल और क्योस्क समेत विभिन्न श्रेणी की संपत्तियां हैं।

खास बात यह है कि जीडीए ने पहली बार मिक्स्ड लैंड यूज के पांच भूखंड भी नीलामी में शामिल किए हैं। ये भूखंड प्राधिकरण की 18 मीटर चौड़ी सड़क पर स्थित हैं। इन्हें खरीदने वालों को नियमानुसार नक्शा स्वीकृत कराने के बाद आवासीय के साथ व्यावसायिक गतिविधियों के लिए भी इस्तेमाल की सुविधा मिल सकेगी।

इससे इन भूखंडों को लेकर खरीदारों में खास रुचि रहने की उम्मीद है। इंदिरापुरम के अलावा मधुबन बापूधाम में औद्योगिक भूखंड, इंद्रप्रस्थ योजना में ग्रुप हाउसिंग भूखंड तथा वैशाली, कौशांबी, कर्पूरीपुरम सहित अन्य स्थानों पर विभिन्न श्रेणी की संपत्तियां नीलामी में शामिल हैं।

सात सितंबर को होगी नीलामी

इनमें प्राथमिक स्कूल, हाई स्कूल, अस्पताल, नर्सिंग होम और हेल्थ सेंटर के लिए भूखंड भी हैं। जीडीए के अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि नीलामी सात सितंबर को हिंदी भवन में सुबह 11 बजे शुरू होगी। बोलीदारों को सुबह 10 बजे पहुंचना होगा।

सबसे अधिक बोली लगाने वाले बोलीदार को नियमानुसार संबंधित भूखंड आवंटित किया जाएगा। नीलामी को लेकर प्राधिकरण ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। नीलामी में बड़ी संख्या में भूखंड बिकने की उम्मीद है। इससे प्राधिकरण को अच्छी आय प्राप्त होगी।

Share This Article
Leave a Comment