यमुना प्राधिकरण में इन कर्मचारियों का एक दिन का काटा जाएगा वेतन, जानिए बड़ी वजह

Rohit Kumar
2 Min Read

ग्रेटर नोएडा। प्राधिकरण के दफ्तरों में उपस्थिति को लेकर सख्ती शुरू हो गई है। यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों ने गुरुवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में 35 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इन सभी कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटा जाएगा। यमुना प्राधिकरण का कहना है कि एक महीने में तीन बार अनुपस्थित पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।

प्रदेश सरकार ने सरकारी विभाग में अधिकारी और कर्मचारियों की समय से मौजूदगी के लिए जो निर्देश दिए हैं, उसका असर ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण में दिखने लगा है। दोनों प्राधिकरण में उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए सीनियर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ नरेंद्र भूषण ने तीनों एसीईओ की उपस्थित पंजिका चेक करने के दिनवार ड्यूटी लगाई है। अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी अदिति सिंह को सोमवार, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी दीप चंद्र बुधवार व शुक्रवार और अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी अमनदीप डुली मंगलवार और गुरुवार को हाजिरी चेक करेंगे।

यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने कर्मचारियों की उपस्थिति को लेकर अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। सुबह 9.30 बजे तक सभी की उपस्थिति अनिवार्य करने के लिए यह जिम्मेदारी दी गई है। सीईओ ने गुरुवार को सुबह 9.30 बजे निरीक्षण किया। इसमें 35 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। सभी का एक-एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया गया है। सीईओ ने कहा कि महीने में तीन दिन अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्यवाही की जाएगी। उन्हें निलंबित किया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment