दक्षिण दिल्ली पुलिस की ऐतिहासिक कार्रवाई: ₹3.72 करोड़ की अवैध कमाई फ्रीज, 1.383 किलो स्मैक के साथ 8 तस्कर गिरफ्तार

News Desk
2 Min Read

 दक्षिणी दिल्ली। राजधानी दिल्ली में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क की 3.72 करोड़ रुपये की अवैध कमाई फ्रीज कराने के आदेश हासिल किए हैं।

ओखला औद्योगिक क्षेत्र थाने में एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज मामले की जांच में पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे और निशानदेही पर कुल 1.383 किलोग्राम स्मैक बरामद की गई।

पुलिस का दावा है कि अवैध कमाई को फ्रीज करने की यह कार्रवाई उत्तर भारत में वर्ष 1976 में सक्षम प्राधिकरण की स्थापना के बाद से अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है।

दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस के अनुसार, एफआइआर संख्या 225/2026 की जांच शुरुआत में स्थानीय स्तर पर नशीले पदार्थ बेचने वालों तक थी। आरोपियों से पूछताछ और जांच के दौरान पुलिस को नशे की आपूर्ति करने वाले बिचौलियों, आपूर्तिकर्ताओं और बड़े भंडारकर्ताओं के बारे में जानकारी मिली।

वहीं, जांच की कड़ियां फरीदाबाद, हरियाणा तक पहुंचीं, जहां से इस नेटवर्क के संचालन से जुड़े लोगों की भूमिका सामने आई।

इन्हें किया गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में किरण उर्फ राम प्रसाद, नीरज उर्फ थापा, अशोक उर्फ रामू, मनिया उर्फ सुमन पाठक, विक्की, गुड्डू, सुनीत उर्फ नन्हे और गोपी सिंह को गिरफ्तार किया है।

वहीं, जांच के दौरान स्मैक की बरामदगी के साथ अवैध कमाई का भी पता लगाया गया। इसके बाद सक्षम प्राधिकरण से 3,71,98,560 रुपये की राशि फ्रीज करने के आदेश प्राप्त किए गए।

जेल में बंद है गोपी

पुलिस के मुताबिक, फ्रीजिंग आदेश की प्रति आरोपी सुनीत उर्फ नन्हे को प्राप्त करा दी गई है। वहीं, गोपी सिंह फिलहाल हरियाणा के फरीदाबाद में दर्ज एक अन्य मामले में जेल में बंद है। उसे भी फ्रीजिंग आदेश की प्रति संबंधित जेल प्रशासन के माध्यम से तामील कराई जाएगी।

पुलिस अब नशा तस्करी नेटवर्क की पूरी आर्थिक कड़ी का पता लगाने में जुटी है। जांच का उद्देश्य अवैध कमाई के स्रोतों, उससे जुड़ी अन्य संपत्तियों और नेटवर्क में शामिल दूसरे लोगों की पहचान करना है।

Share This Article
Leave a Comment