महिला IPS अफसर मंजिल सैनी का बनाया फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट, रिश्तेदारों को भेजे अश्लील मैसेज

Rohit Kumar
2 Min Read

साइबर अपराधियों ने केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तैनात उत्तर प्रदेश कैडर की महिला आईपीएस अधिकारी का फर्जी इंस्टाग्राम बना लिया। अब आरोपी उनके नाम से लोगों को आपत्तिजनक पोस्ट और मैसेज कर रहे हैं। इसको लेकर महिला अधिकारी ने आरोपी के खिलाफ नोएडा के सेक्टर-113 थाने में केस दर्ज कराया है।

मंजिल सैनी 2005 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं। वह सेक्टर-78 स्थित एक सोसाइटी में रहती हैं। पुलिस को दी गई शिकायत में मंजिल सैनी ने बताया कि जालौन के रहने वाले ऋषि सैनी नाम के व्यक्ति ने उनका फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बना लिया है। आरोपी ने अकाउंट की डीपी पर वर्दी पहने महिला अधिकारी की फोटो लगा रखी है।

अधिकारी का आरोप है कि उनके नाम से इंस्टाग्राम अकाउंट का दुरुपयोग किया जा रहा है। इससे वह मानसिक रूप से परेशान हैं। अब आरोपी फर्जी अकाउंट से अधिकारी के परिचितों के पास आपत्तिजनक पोस्ट और मैसेज भेज रहा है। जब परिचितों ने पूरे मामले के बारे में अधिकारी को बताया तो उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी के बारे में साइबर सेल की मदद से जानकारी जुटाई जा रही है।

केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तैनात हैं डीआईजी सैनी 

वर्तमान में डीआईजी मंजिल सैनी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर दिल्ली में तैनात हैं। वह उत्तर प्रदेश के लखनऊ सहित कई जिलों में एसएसपी भी रह चुकी हैं। यह मामला जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में भी आ गया है, इसलिए मामले में तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। मुजफ्फरनगर के कवाल गांव में सरेआम सड़क पर सचिन और गौरव की हत्या के बाद पनपे आक्रोश को शांत करने में भी सैनी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने कुछ देर बाद ही स्थिति को कंट्रोल कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि, तभी उनका तबादला कर दिया गया था।

Share This Article
Leave a Comment