पूरी हुई तैयारी, अब किसी भी दिन बज सकती है यूपी समेत 5 राज्यों में चुनाव की रणभेरी

Rohit Kumar
2 Min Read

उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड समेत देश के 5 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव (Assembly Election 2022) की घोषणा चुनाव आयोग अगले 1-2 दिन में कर सकता है. चुनाव आयोग (Election Commission of India) ने सभी राज्यों में चुनाव की तैयारियों की समीक्षा कर ली है. सभी राज्यों की अंतिम मतदाता सूची भी प्रकाशित हो चुकी है. ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि चुनाव आयोग चुनाव की तारीखों का ऐलान जल्द ही कर दे.

कोरोना के हालात की समीक्षा

चुनाव आयोग ने गुरुवार को चुनाव वाले राज्यों में कोरोना के हालात की समीक्षा की थी. इसमें  केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण और स्वास्थ्य मामलों के जानकार शामिल थे. इसके अलावा चुनाव आयोग ने गृह सचिव अजय भल्ला के साथ उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में कानून-व्यवस्था के हालात की समीक्षा भी की थी.

इससे पहले चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और गोवा जाकर वहां चुनाव की तैयारियों का जायजा लिया था. वहीं चुनाव आयोग ने मणिपुर में चुनाव तैयारियों का वर्चुअल जायजा लिया था.

उत्तर प्रदेश में कब हुआ था पिछले चुनाव का ऐलान

उत्तर प्रदेश में 2017 में हुए 17वें विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान 4 दिसंबर 2016 को किया था. उस साल प्रदेश में 7 चरणों में चुनाव कराए गए थे. उत्तर प्रदेश की 17वीं विधानसभा का कार्यकाल 15 मई तक है. पिछले चुनावों को देखते हुए संभावना जताई जा रही है कि उत्तर प्रदेश में इस बार 8 चरणों में मतदान कराए जाएं. वहीं यूपी के पड़ोसी उत्तराखंड में 1 चरण में और पंजाब में मतदान 3 चरण में कराए जाने की उम्मीद है.

कोरोना के मामलों में हो रही बेतहाशा बढ़ोतरी के बीच विधानसभा चुनाव कराए जाने की संभावना है. हालांकि चुनाव आयोग का कहना है कि सभी राजनीतिक दल चाहते हैं कि चुनाव अपने तय समय पर ही कराए जाएं. कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में अपनी सभी रैलियों को रद्द कर दिया है.

Share This Article
Leave a Comment