इंदिरापुरम- कनवानी गांव में झुग्गी-झोपड़ी में लगी आग के बाद प्रभावित परिवारों की मदद के लिए प्रशासन सक्रिय हो गया है। शनिवार को समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने राहत शिविर पहुंचकर पीड़ितों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।
आग की घटना के बाद पास के निजी स्कूलों में राहत शिविर बनाए गए हैं, जहां प्रभावित परिवारों को अस्थायी रूप से ठहराया गया है। मंत्री ने वहां मौजूद लोगों से बातचीत की, इस दौरान कुछ पीड़ितों ने समय पर पानी और अन्य सुविधाएं न मिलने की शिकायत भी की।
मंत्री असीम अरुण ने भरोसा दिलाया कि सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और आने वाले दिनों में उन्हें राहत देने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अगले सात दिनों के भीतर सभी प्रभावित परिवारों के लिए आवश्यक सहायता सुनिश्चित की जाएगी।
इसके अलावा उन्होंने बताया कि सरकारी जमीन पर बनने वाले आवासों को ईडब्ल्यूएस योजना के तहत पीड़ितों को उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जाएगा। मौके पर मंत्री ने राहत सामग्री जैसे राशन, कपड़े और जरूरी सामान का वितरण भी किया।
घटनास्थल का निरीक्षण करने के दौरान उन्होंने दमकल विभाग को भविष्य में इस तरह की घटनाओं से निपटने के लिए बेहतर तैयारियां करने के निर्देश दिए, ताकि ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

