ग्रेटर नोएडा: 20 दिन से लापता प्रेमपाल की सड़क हादसे में हो चुकी थी मौत, कपड़ों और फोटो से हुई पहचान

News Desk
2 Min Read

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के कासना कोतवाली क्षेत्र में करीब 20 दिन पहले हुए हादसे में युवक की मौत हो गई थी। शिनाख्त नहीं होने पर पुलिस ने मृतक को अज्ञात मान कर पोस्टमॉर्टम के बाद अंतिम संस्कार करा दिया था।

मृतक के परिजन तब से उसे लगातार तलाश कर रहे थे। किसी तरह जानकारी कर कोतवाली पहुंचे परिजनों ने कपड़े देखकर मृतक की पहचान कर टक्कर मारने वाले आरोपी डंपर चालक के खिलाफ केस दर्ज कराया है।

तलाश के बाद भी नहीं लगा सुराग

मूलरूप से बुलंदशहर के अनूपशहर थाना अंतर्गत ग्राम राजौर निवासी जयवीर सिंह ने बताया कि 8 अक्टूबर को उनका भाई प्रेमपाल सिंह (42) किसी काम से ग्रेटर नोएडा आया था। इसके बाद से वह लापता था। काफी तलाश के बाद भी उसका सुराग नहीं लगा। परिजनों ने हार नहीं मानी और तलाश जारी रखी।

इसी बीच पता चला कि 8 अक्टूबर को कासना क्षेत्र में हुए हादसे में एक युवक की मौत हो गई थी। शिनाख्त नहीं होने पर पुलिस ने 72 घंटे बाद पंचनामा भर पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार करा दिया था।

युवक के कपड़े व फोटो दिखाए

शुक्रवार को जयवीर ने कासना कोतवाली पहुंच कर भाई के लापता होने की जानकारी देते हुए हुलिया बताया। पुलिसकर्मियों ने 8 अगस्त को हादसे में मृत युवक के कपड़े व फोटो दिखाए। जिन्हें देख कर उन्होंने मृतक की पहचान भाई प्रेमपाल के रूप में की।

बता दें 8 अक्टूबर को लड़पुरा पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से गंभीर घायल प्रेमपाल की मौत हो गई थी। शिनाख्त नहीं होने पर पुलिस ने आगे की कार्रवाई पूरी करा दी थी।

प्रभारी निरीक्षक पंकज शर्मा ने बताया मामला संज्ञान में है। आरोपी डंपर चालक की पहचान के लिए घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

Share This Article
Leave a Comment