‘मुनाफे’ का सपना बना करोड़ों का नुकसान, सेवानिवृत्त नेवी अफसर गंवा बैठे 2.23 करोड़

News Desk
3 Min Read

नोएडा। साइबर ठगों ने शेयर बाजार में निवेश के नाम पर फंसाने का ऐसा जाल बुना कि उसमें सेवानिवृत्त नेवी अधिकारी भी फंस गए। उन्होंने ठगों को एक्सपर्ट मानकर सवार महीने में 2.23 करोड़ रुपये निवेश कर दिए, लेकिन मुनाफे में से एक पाई भी नहीं निकालने पर ठगों के चंगुल में फंसे होने का पता चला। उन्होंने साइबर क्राइम थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस ठगों की पहचान और तलाश में जुटी है।

नोएडा सेक्टर 21 के रहने वाले सुनील सेवानिवृत्त नेवी अधिकारी हैं। वह शेयर बाजार में भी रूचि रखते हैं। 10 जून को वाट्सएप से अपस्टाक्स सिक्योरिटीज को लेकर ट्रेडिंग खाता खोलने का फार्म प्राप्त हुआ। वह साइबर एक्सपर्ट समझकर ठगों से बात करने लगे। ठगों ने अपर सर्किट शेयर खरीदकर पांच प्रतिशत मुनाफ़ा पर बेचने और आइपीओ में निवेश करने पर तीनगुना मुनाफा कमाने का सुझाव दिया।

ठगों ने यूपी आएक्सप्रो ट्रेडिंग एप इंस्टल कराई और आधार और पेन कार्ड की कापी ले ली। उन्होंने शुरुआत में छोटा-छोटा निवेश करना शुरू किया तो करीब 10 हजार रुपये का मुनाफा हुआ। रकम बैंक खाते में भी आसानी से ट्रांफसर हो गई। विश्वास होने पर वह ठगों के बताए बैंक खातों में रकम ट्रांसफर करने लगे। उन्होंने 21 जुलाई तक 34 बार में 2.23 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए।

छह करोड़ का दिखाया पोर्टफोलियो

एप पर छह करोड़ रुपये का फोर्टफोलियो दिखाया। उन्होंने इसमें से 1.85 करोड़ रुपये निकालने के लिए आवेदन किया। ठगों ने कर के रूप में 62 लाख रुपये और जमा कराने को बोला। ऐसा नहीं करने पर खाता फ्रीज होने की चेतावनी दी। रकम नहीं देने पर ठगों ने संपर्क तोड़ दिया। उन्होंने एनसीआरपी पोर्टल और साइबर क्राइम थाना पुलिस से शिकायत की।

10 फर्म के खातों में ट्रांसफर हुई रकम

पीड़ित ने बताया कि ठगों ने एग्री नेक्सट वेंचर, गौरी शंकर पिक्चर्स, आग्रेनिक, ओरिवेंट समेत 10 फर्म में रकम को ट्रांसफर कराया। इसके बारे में पूछने पर कर बचाने की बात कहकर टाला। डीसीपी साइबर सुरक्षा शैव्या गोयल ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। ठगी में संलिप्त बैंक खातों की जानकारी जुटाई जा रही। उधर, डीसीपी ने अनजान के कहने पर रकम ट्रांसफर नहीं करने पर जोर दिया है। ठगी होने पर तत्काल पूरी जानकारी के साथ एनसीआरपी पोर्टल और 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।

Share This Article
Leave a Comment