इंडिगो में ऑपरेशनल संकट गहराया: दिल्ली से 95 उड़ानें रद्द, देशभर में यात्रियों की बढ़ी परेशानी

Amit
3 Min Read

नई दिल्ली – देश की सबसे बड़ी घरेलू एयरलाइन इंडिगो इन दिनों गंभीर परिचालन अव्यवस्था से जूझ रही है। गुरुवार सुबह दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इंडिगो की 95 उड़ानें अचानक रद्द कर दी गईं, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। इनमें 48 प्रस्थान और 47 आगमन वाली फ्लाइट शामिल थीं। रद्द होने की यह श्रृंखला केवल दिल्ली तक सीमित नहीं रही—मुंबई और बेंगलूरू समेत अन्य बड़े शहरों में भी हालात बिगड़ते दिखे।

सूत्रों के अनुसार, मुंबई में 86 और बेंगलूरू में 73 उड़ानें रद्द हुईं। कुल मिलाकर, एक ही दिन में 250 से अधिक उड़ानें प्रभावित रहीं, जिसके चलते हजारों यात्री एयरपोर्ट पर फंसे रहे और एयरलाइन की समयपालन छवि को करारा झटका लगा।

क्रू की कमी बनी बड़ी वजह

इंडिगो के परिचालन में अव्यवस्था की मुख्य वजह नए फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिट (FDTL) नियमों का लागू होना बताया जा रहा है। एयरलाइन क्रू की कमी से जूझ रही है और नए नियमों के अनुसार शेड्यूल तैयार करने में भारी दिक्कतें आ रही हैं।

डीजीसीए ने मामले का संज्ञान लेते हुए इंडिगो से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। साथ ही निर्देश दिया है कि एयरलाइन भविष्य की अपनी कार्ययोजना स्पष्ट करे।

पायलट संगठन ने इंडिगो को घेरा

फेडरेशन ऑफ इंडियन पायलट्स (FIP) ने एयरलाइन पर आरोप लगाया है कि दो साल पहले नोटिफाई किए गए नियमों को लागू करने के लिए कोई तैयारी नहीं की गई। संगठन ने मांग की है कि:

इंडिगो को तब तक नया शेड्यूल मंजूर न किया जाए, जब तक क्रू की कमी पूरी न हो जाए

एयरपोर्ट स्लॉट अन्य तैयार एयरलाइंस को दिए जाएँ

देशभर में तकनीकी दिक्कत ने बढ़ाई अव्यवस्था

इसी बीच बुधवार को कई हवाईअड्डों पर चेक-इन सिस्टम अचानक ठप हो गया। वाराणसी एयरपोर्ट पर यात्रियों को बताया गया कि वैश्विक स्तर पर विंडोज सिस्टम में समस्या आई है, जिसकी वजह से आईटी सेवाएँ प्रभावित हैं। हालांकि माइक्रोसॉफ्ट ने ऐसे किसी आउटेज से इन्कार किया है।

दिल्ली एयरपोर्ट ने भी सुबह पोस्ट कर आगाह किया था कि कुछ घरेलू एयरलाइंस परिचालन चुनौतियों का सामना कर रही हैं, जिससे देरी या रद्दीकरण संभव है। दिन बढ़ते-बढ़ते कई फ्लाइट्स रद्द भी हो गईं।

Share This Article
Leave a Comment